कटनी – श्रमायुक्त मध्यप्रदेश शासन की 30 सितंबर 2024 की अधिसूचना के अनुसार शासकीय दैनिक वेतन भोगी एवं अंशकालीन दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों हेतु एक अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक न्यूनतम वेतन एवं परिवर्तन शील मंहगाई भत्ते सहित मासिक एवं दैनिक दरें निर्धारित की गई है।
इस सिलसिले में कलेक्टर ने जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों के परिवर्तनशील मंहगाई भत्ते को शामिल करते हुए मासिक वेतन एवं दैनिक वेतन की दरें 31 मार्च 2025 तक के लिए निर्धारित की है।
कर्मचारियों के वर्ग के अनुसार अकुशल हेतु 10225 रुपये प्रतिमाह व 341 रुपये प्रतिदिन, अर्ध कुशल हेतु 11082 रुपये प्रति माह व 369 रुपये प्रतिदिन, कुशल हेतु 12460 रुपये प्रतिमाह व 415 रुपये प्रतिदिन और उच्च कुशल हेतु 13760 रुपये प्रति माह व 459 रुपये प्रतिदिन की कुल वेतन की दरें निर्धारित की गई हैं।


