कटनी (5 नवंबर) – प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आईआईटी दिल्ली के सहयोग से महाविद्यालय के स्नातक के विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ होने वाले एआई तथा फिनटेक विथ एआई के दो सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा मंगलवार को 11 बजे से 12 बजे तक आयोजित की गई।
सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश हेतु महाविद्यालय के 170 विद्यार्थियों ने पंजीयन करवाया था जिसमें प्रवेश परीक्षा में 99 विद्यार्थी सम्मिलित हुए तथा 71 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में अनुपस्थित रहे। सर्टिफिकेट कोर्स के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एस के खरे, ऑब्जर्वर कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर चित्रा प्रभात, केंद्राध्यक्ष डॉक्टर एम पी यादव, नोडल अधिकारी एवं सहायक केंद्राध्यक्ष आनन्द प्रताप सिंह, डॉक्टर वीरेंद्र कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुई।
प्राचार्य डॉ एस के खरे ने बताया कि सर्टिफिकेट कोर्स की अवधि 90 घंटे की होगी। कोर्स पूर्ण करने हेतु आवश्यक सुविधाएं महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 06 नवंबर 2024 को जारी किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों का कोर्स में पंजीयन 07 नवंबर 2024 को मात्र एक हजार रूपये की सिक्योरिटी मनी महाविद्यालय के जनभागीदारी खाते में जमा कर किया जाएगा जो कि कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर रिफंडेबल होगी। आईआईटी दिल्ली द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा में प्रत्येक संकाय से 2-2 विद्यार्थियों का चयन होगा। तथा जिस संकाय में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या अधिक होगी उस संकाय से दो विद्यार्थियों का और चयन किया जायेगा। प्रत्येक कोर्स के लिए कुल आठ विद्यार्थियों का चयन किया जायेगा।


