*संकट मोचन आश्रम, जगन्नाथ धाम में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ के आयोजन की तैयारियां जोरों पर, वशिष्ठ पीठाधीश्वर डॉक्टर राम विलास वेदांती जी महराज होंगे कथा व्यास*
*पत्रकार वार्ता में युवराज महंत डॉक्टर राघवेश दास जी वेदांती ने दी विस्तृत जानकारी, कहा पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा का है विशेष महत्व*
विजयराघवगढ़। संकट मोचन आश्रम, जगन्नाथ धाम विजयराघवगढ़ में सार्वजनिक श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है, जिसके साक्षी हनुमान जी स्वामी होंगे। पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा का विशेष महत्व है, पितरों की मुक्ति के लिए श्रीमद्भागवत पुराण उत्तम साधन है, यह बात युवराज महंत डॉक्टर राघवेश दास जी वेदांती ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा। उन्होंने बताया की धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। श्री वेदांती जी महराज ने जानकारी देते हुए बताया की पितृ पक्ष के मौके पर संकट मोचन आश्रम, जगन्नाथ धाम में विराजित हनुमान जी की कृपा से आगामी 22 सितंबर से सार्वजनिक श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का आयोजन प्रारंभ होगा। यह धार्मिक कार्यक्रम 29 सितंबर तक चलेगा। श्री राघवेश दास जी वेदांती ने बताया की 21 सितंबर को पंचमठा धाम से विशाल कलश यात्रा भव्यता के साथ निकाली जाएगी। 22 सितंबर से कथा प्रारंभ होगी। वेद वेदांत, गीता, उपनिषद, श्री राम चरित मानस, वाल्मिकीय रामायण, श्रीमद्भागवत महापुराण सहित अन्य धर्म वैदिक धर्म ग्रंथों के प्रकांड विद्वान संत शिरोमणि श्री वशिष्ठ पीठाधीश्वर पूज्य ब्रह्मर्षि वेदांती जी महराज कथा व्यास होंगे, जिनकी अमृतमय वाणी से श्रृद्धालुओं को कथामृत का रसपान करने का अवसर प्राप्त होगा। महंत श्री राघवेश दास जी वेदांती के संयोजन में यह सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा और 29 सितंबर को हवन, पूर्णाहुति और भंडारे के साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा। डॉक्टर राघवेश दास वेदांती जी ने बताया की मड़वार, न्यू रामनगर, सतना निवासी जगदीश प्रसाद तिवारी, विजयराघवगढ़ निवासी सोमनाथ मिश्रा, पद्मा ताम्रकार आदि मुख्य यजमान होंगे। जो लोग स्वेच्छा से यजमान बनना चाहते हैं वह भी आयोजन समिति में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। खास बात यह है की पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए धार्मिक आयोजन के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील भी आयोजन समिति ने किया है। डॉक्टर राघवेश दास वेदांती जी ने बताया की आगामी 15 सितंबर को संकट मोचन आश्रम जगन्नाथ धाम प्रांगण में बैठक का आयोजन किया जाएगा जिसमें आयोजन के संबंध में तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही दायित्व निर्धारण किया जाएगा। सभी क्षेत्र वासियों से बैठक में उपस्थित होने के साथ ही श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ में सहभागिता दर्ज कराने की अपील आयोजन समिति द्वारा की गई है।
पत्रकार वार्ता में आचार्य कृष्णदास पांडेय सहित पंडित जागेश्वर मिश्रा, मोहम्मद लईक, अजय त्रिपाठी, अंशुल सराफ, हंसराज सिंह ठाकुर, राजू चौरसिया, सुरेश सेन आदि पत्रकारों की उपस्थिति थी।
रिपोर्टर: सुरेश सेन


