MPNEWSCAST
कटनी। जबलपुर रेंज के डीआईजी टी.के. विद्यार्थी ने कहा कि जिला बदर और निगरानी शुदा बदमाशों की रुटीन चैकिंग की जाए। साथ ही चाकूबाजों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और लंबित शिकायतों के निराकरण पर फोकस किया जाए।
श्री विद्यार्थी सोमवार की देर शाम कटनी पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रुम में अपराध समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों सहित थाना व चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डाक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा सभी एसडीओपी व समस्त थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी शहर देहात मौजूद रहे।
बैठक में डीआईजी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी, सीएसपी और एसडीओपी आप सभी बेसिक और सामुदायिक पुलिसिंग पर ध्यान देते हुए लंबे समय से फरार इनामी सहित अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी पर फोकस करे। डीआईजी टीके विद्यार्थी ने चिन्हित गंभीर अपराध, धोखाधड़ी, सूदखोरी, चिटफंड कंपनी से संबंधित मामलें एवं लापता नाबालिग बच्चो के प्रकरण सहित एससी, एसटी एवं दुराचार के प्रकरणों में अभी तक विवेचना में हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों से कहा कि लंबित प्रकरणों का तेजी से निष्पादन करें।


