नर्मदापुरम सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । शासन के निर्देशानुसार नर्मदापुरम जिले में प्रात: से ही जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। विधायकगणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से मंदिरों में आयोजित जन्माष्टमी के कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई एवं विभिन्न गौशालाओ में पहुंच कर गौसेवा करते हुए गायों को गौ ग्रास खिलाया एवं उनके चारे भूसे की व्यवस्था की। इस दौरान आयोजित चल समारोह में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में जन्माष्टमी के कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें स्कूली बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओ एवं जीवन को रेखांकित करते हुए उसका मंचन किया। कई स्कूलों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बनखेड़ी के समनापुर गौशाला में पहुंच कर आरती कर गौसेवा की। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने नर्मदापुरम की ग्राम पंचायत बाईखेड़ी के नंदनी गौशाला में गौवंश की पूजन अर्चन कर गौवंशो को अपने हाथों से हरा चारा खिलाया। नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने इटारसी के ग्राम मेहरागांव स्थित श्री राधे कृष्ण मंदिर एवं माखननगर में यादव समाज द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम में पहुंच कर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन किये एवं मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी सहभगिता निभाई। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधीगण भी मौजूद थे। तत्पश्चात विधायक डॉ शर्मा ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी गौरक्षा दिवस के पावन अवसर पर इटारसी के न्यास कॉलोनी स्थित श्री कृष्ण गौशाला में गौसेवा की। उन्होने गौ माताओं की आरती कर पूजन किया एवं गौमाताओं को गौग्रास खिलाया।
जन्माष्टमी के पावन पर्व पर माखननगर में विशाल चल समारोह निकाला गया जिसमें सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी भी ग्राम घाना ग्राम पंचायत सिंगानामा की गौशाला में पहुंचकर गौवंश की पूजन अर्चन कर सभी गौवंशों को हरा चारा खिलाया। जिले के सभी राधा कृष्ण मंदिरों में की गई विशेष श्रृंगार एवं साज सज्जा की गई। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिले के सभी राधा कृष्ण मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई। सभी मंदिरों को फूलों से एवं रांगोली से सजाया गया। भगवान श्री कृष्ण का विशेष अभिषेक किया गया। इटारसी के ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। वैसे ही माखननगर के राधा कृष्ण मंदिर, सेठानी घाट के राधा कृष्ण मंदिर ग्वालटोली के राधा कृष्ण मंदिर, आदमढ़ के राधा कृष्ण मंदिर में महिलाओ का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही पूजा पाठ एवं भजनों का क्रम चलता रहा। भक्तगण उत्साह से अविभूत होकर नृत्य करते दिखाई दिये।


