आज भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है. यह त्योहार भाई-बहन के रिश्ते को और भी मजबूत करता है, जहां बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा का वचन देते हैं. इस साल रक्षाबंधन को लेकर भद्रा काल के चलते शुभ मुहूर्त को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति रही है. आइए जानते हैं, भाई के कलाई में आज के दिन राखी बांधने का शुभ मुहूर्त क्या हैं.
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल राखी बांधने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:30 से रात्रि 9:07 तक रहेगा. देखा जाए तो शुभ मुहूर्त 7 घंटे 37 मिनट का रहेगा. रक्षाबंधन की पूर्णिमा तिथि आज सुबह 3 बजकर 4 मिनट पर शुरू हो चुकी है और ये तिथि पूरे दिन रहेगी. रात 11 बजकर 55 मिनट पर इस तिथि का समापन होगा.
भद्रा काल को अशुभ माना जाता है. भद्राकाल 19 अगस्त यानी आज रात 2 बजकर 21 मिनट पर शुरू हो चुकी है. आज सुबह 9 बजकर 51 मिनट से 10 बजकर 53 मिनट तक भद्रा पूंछ रहेगी. सुबह 10 बजकर 53 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 37 मिनट तक भद्रा मुख रहेगा. इसके बाद, भद्रा काल का समापन दोपहर 1 बजकर 30 पर होगा. राखी बांधने का शुभ मुहूर्त का आरंभ दोपहर 01:30 के बाद से होगा. जिसका समापन रात्रि 09:07 बजे होगा.


