छिन्दवाड़ा/ 06 अगस्त 2024/ राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 146 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, जमीन का सीमांकन करने, अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने, फौती नामांतरण दर्ज करने, नल-जल व्यवस्था करने, विद्युत प्रदाय करने तथा विद्युत पोल लगाने, आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी ।
कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिये भी चिन्हांकित किया । जनसुनवाई कार्यक्रम में छिन्दवाड़ा शहर के वार्ड क्रमांक-27 के रहवासियों ने छोटी बाजार में सुलभ शौचालय का निर्माण कराने, पलक परतेती ने स्थाई जाति प्रमाण पत्र बनाने, वार्ड क्रमांक 40 तात्या टोपे की सुशीला सेमेकर ने गरीबी राशन कार्ड में नाम जुड़वाने और शोभा धारे व महिमा शेरक ने जी.एन.एम तृतीय वर्ष की छात्रवृति दिलाने, ग्राम पंचायत उमरेठ निवासी राजकुमार मालवीय ने आवास योजना के अंर्तगत नाम जुड़वाने, ग्राम पंचायत बीजकवाड़ा के ग्रामवासियों ने बीजकवाडा से कचराम तक पक्की सड़क बनवाने, ग्राम पालादोन निवासी श्री कुंदन ने मकान गिर जाने पर आर्थिक सहायता राशि दिलाने, ग्राम पंचायत जुंगावाड़ा निवासी लक्ष्मी बाई उइके ने वन अधिकार पत्र दिलाने, खैरवाड़ा निवासी कृष्णाबाई साहू ने गरीबी रेखा सूची में नाम दर्ज़ कराने, अमरवाड़ा निवासी कृष्णाबाई ने विधवा पेंशन दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किए। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-37 साई नगर चंदनगाव के निवासी दादूराम यदुवंशी ने जनसुनवाई में ग्राम मुजावार में स्थित जमीन के खसरा नंबर और नक्शा सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस मामले में लगातार कार्यवाही न होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलदार मोहखेड़ पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिये कि मामले का शीघ्र निराकरण किया जाये, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री के.सी. बोपचे संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व नगर निगम आयुक्त सी.पी.राय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।


