जबलपुर। मानसून सत्र के दौरान शहर में कहीं भी जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए नगर निगम द्वारा बड़े पैमाने पर नाला, नालियों एवं कंजरवेंसियों की सफाई कराई जा रही है तथा वर्षा जल निकासी की व्यवस्था भी लगातार कराई जा रही है। नाला नालियों की सफाई कार्यो में मानव संशाधनों के साथ-साथ सभी मशीनरी संशाधनों को भी लगाकर तेजगति से कार्य कराये जा रहे हैं। जिसका आज निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के द्वारा सघन रूप से निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त श्रीमती यादव ने निरीक्षण के दौरान कम्पोस्ट प्लांट का भी जायजा लिया और सही तरीके से संचालन संधारण करने के निर्देश प्रदान किये।
निरीक्षण के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम के संभाग क्रमांक 05 स्थित कम्पोस्ट प्लांट में ड्राई एवं वेट वेस्ट का सेग्रीगेशन क्वालिटी इम्प्रूवमेंट हेतु CSIR NEERI की टीम के द्वारा किये जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य संभव अयाची को कम्पोस्ट प्लांट में ड्राई एवं वेट वेस्ट का सेग्रीगेशन क्वालिटी इम्प्रूवमेंट हेतु CSIR NEERI की टीम का पूर्ण सहयोग प्रदान करने निर्देशित किया। इसके उपरांत निगमायुक्त श्रीमती यादव ने संभाग क्रमांक 7 अधारताल स्थित खूनी नाला के सफाई कार्यो का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य स्वच्छता निरीक्षक विष्णुकांत दुबे को बारिश के पूर्व अतिशीघ्रता से नाला की सफाई कराने के सख्त निर्देश दिये। इसके उपरांत निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने ओमती नाले में चल रहे सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ई.वी.एम. सफाई व्यवस्था को भी देखा तथा आवश्यक सुधार लाने मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को निर्देश दिये।
निगमायुक्त ने बताया कि सभी प्लांटों के कारण शहर में अब कहीं किसी भी प्रकार का कचरा दिखाई नहीं देता। कचरे को सही तरीके से सेग्रीगेशन कराकर प्लांटों में उसका खाद बनाने के उपयोग में लाए जा रहे हैं इससे लोगों की इंकम भी हो रही है और घर से लेकर शहर के कोने कोने में स्वच्छता की झलक दिखाई देने लगी है। उन्होंने शहर के सभी सम्मानीय नागरिकों से भी निगम प्रशासन के द्वारा किये जा रहे प्रयासों में सहयोग प्रदान करते हुए प्लांटों के बेहतर रखरखाव एवं संचालन के लिए घरों के कचरे को अलग अलग डस्टबिन में रखकर निगम के कचरा गाड़ी को देने आग्रह किया है। जिससे की घरों का कचरा सड़कों पर न आए और शहर हमेशा सुन्दर दिखाई दे। निरीक्षण के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, सीएसई विष्णुकान्त दुबे, धर्मेंद्र राज, प्रीतेश मसोड़कर, एस.आई. अमन चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।


