रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम/इटारसी। जिले में वर्षों पूर्व से इटारसी को क्रिकेट सहित हॉकी की नर्सरी कहा जाता है तो उसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। दोनों ही खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत भागीदारी के बगैर या खेल अधूरे माने जाते हैं। दोनों ही खेलों में भारत विश्व विख्यात है। अब हम बात करते हैं क्रिकेट की, इसकी दीवानगी पूरे विश्व में है और भारत के पुरुषों की टीम के साथ ही अब महिला क्रिकेट टीम का भी जादू दिखने लगा है। नर्मदापुरम संभाग से भी अब क्रिकेट के नवोदित खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम फहरा रहे हैं। वही पिछले करीब 20 वर्षों से रेलवे न्यू यार्ड, इंदिरा नगर ग्राउंड पर सीनियर क्रिकेट खिलाड़ी और कोच राजीव दुबे अपने साथियों के साथ बच्चों को क्रिकेट के हुनर सिखा रहे हैं। कैडबरी क्रिकेट एकेडमी की इस नर्सरी से दो बेटियां अनन्या दुबे और यामिनी बिल्लोरे वर्तमान में मध्यप्रदेश सीनियर महिला क्रिकेट टीम से रणजी ट्रॉफी खेल रही है। क्रिकेटर अचला दुबे भी डिवीजन टीम से खेल चुकी है और नवोदित लड़कियों को भी क्रिकेट प्रशिक्षण दे रही हैं। वर्तमान में कैडबरी क्रिकेट अकादमी द्वारा ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण बॉयज एंड गर्ल्स के लिए संचालित किया जा रहा है जो की 15 जून तक न्यू यार्ड इंदिरा नगर ग्राउंड पर प्रशिक्षण चलेगा। प्रशिक्षण शिविर शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने ग्राउंड पर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों से मुलाकात कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर के लिए पूरा सहयोग का आश्वासन भी दिया। ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर (कैंप) में करीब 10 लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कैंप में 35 से 40 बच्चे प्रतिदिन नेट प्रैक्टिस सुबह 6 से साढ़े 9 तक करते हैं। उसके बाद शाम 4 बजे से भी ग्राउंड पर आकर प्रैक्टिस करते हैं। जिन्हें क्रिकेट की बारीकियां कोच राजीव दुबे, सुनील औरंगाबादकर, घनश्याम दुगाया ,उत्तम खाड़े ,धनराज खाड़े , हरीश हनोतिया, हरिराम भैसारे, अचला दुबे, इरफान अली, कपिल सिगनारे द्वारा दिया जा रहा है।


