कलेक्टर श्री प्रसाद ने लंबित सीमांकन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण के दिए निर्देश
कटनी – कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर जिले में लंबित सीमांकन प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान मात्र 5 दिनों में अब तक 570 लंबित सीमांकन प्रकरण निराकृत किये जा चुके हैं। सीमांकन मामलों के निपटारे के नजरिए से बड़वारा तहसील जिले में अग्रणी है।
*तहसील बड़वारा अव्वल*
सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के मामले में जिले की बड़वारा तहसील पहले स्थान पर है। यहां अब तक 79 सीमांकन मामले निपटाए जा चुके हैं। वहीं कटनी नगर तहसील 75 सीमांकन मामलों का निपटारा कर दूसरे स्थान पर और स्लीमनाबाद तहसील 68 सीमांकन प्रकरणों को निराकृत कर तीसरे स्थान है।
वहीं ढीमरखेड़ा तहसील 65 सीमांकन प्रकरणों का निपटारा कर चौथे स्थान पर है। इन इसी प्रकार बहोरीबंद तहसील द्वारा पांचवे पायदान पर रहकर अब तक कुल 63 सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। जबकि छठवे स्थान पर बरही तहसील द्वारा 60 सीमांकन के प्रकरण, सातवे पायदान पर विजयराघवगढ तहसील द्वारा 57 सीमांकन प्रकरणों, रीठी तहसील द्वारा आठवे पायदान पर 55 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया है। जिले की कटनी तहसील सीमांकन प्रकरणों के निराकरण में अंतिम पायदान पर है। यहां सीमांकन के केवल 48 प्रकरण ही निराकृत हो सके हैं।
*कलेक्टर के निर्देश*
कलेक्टर श्री प्रसाद ने राजस्व अधिकारियों को सीमांकन प्रकरणों के निराकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बताते चलें कि कलेक्टर श्री प्रसाद ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में निर्देशित किया था कि वर्तमान में गेहूं की फसल की कटाई की जा चुकी है ऐसे में जून माह तक खेतों के खाली रहने की ही संभावना है। यह स्थिति सीमांकन करने के लिए आदर्श और बेहतर स्थिति है। इसलिए सभी राजस्व अधिकारी इस सहज और अनुकूल स्थिति में लंबित सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की दिशा में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करें। ताकि सीमांकन के सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण हो सके। इसके बाद सीमांकन प्रकरणों के निपटारे में तेजी आई है।


