संभाग क्रमांक 7 में स्वच्छता रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया स्वच्छता का संदेश – निगमायुक्त*
जबलपुर। निगमायुक्त श्रीमति प्रीति यादव के मार्गदर्शन में वार्डवार वृहद विशेष स्वच्छता एवं जन जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं ।इस संबंध में निग्मायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी बहुत जरूरी है। उपस्थित जनसमुदाय एवं आम जनों से अपील करते हुए कहा है कि सभी अपने अपने घरों से थैला लेकर मार्केट जाएं और पॉलीथिन का उपयोग न करें। इसी कड़ी में आज स्वच्छता अभियान एवं जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत संभाग क्र. 7 शहीद अब्दुल हमीद वार्ड के बिरसा मुंडा तिराहा से स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। स्वच्छता रैली अधारताल चौपाटी, धनी की कुटिया, आनंद नगर एवं वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर अधारताल चौपाटी में समाप्त हुई। रैली मार्ग के सभी व्यापारिक एवं रहवासी क्षेत्रों के आम नागरिकों, दुकानदारों, राहगीरों को नुक्कड़ नाटक एवं रैली के माध्यम से दुकान एवं घर से निकलने वाले कचरे को नगर निगम की कचरे वाली गाड़ी में ही देने के लिए आग्रह किया गया। निगम आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता रैली के अंतर्गत सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पोलीथिन उपयोग करने से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी देकर स्वच्छता के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया एवं आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जबलपुर को नंबर 1 बनाने एवं जबलपुर को स्वच्छ बनाये रखने का आव्हान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इससे पूर्व स्वच्छता रैली का प्रारंभ बिरसा मुंडा तिराहा में स्थित स्वतंत्रता सेनानी श्री बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। उन्होंने बताया कि रैली के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पोलीथिन का उपयोग करते पाए गए दुकानदारों को उपयोग नहीं करने के लिए हिदायत दी गई।
स्वच्छता रैली के दौरान जगह जगह रुक कर नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी जिसमें रैली मार्ग के नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पोलीथिन उपयोग नहीं करने एवं बाज़ार जाते समय घर से ही कपडे का थैला उपयोग हेतु ले जाने का आग्रह किया। सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पोलीथिन से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दे कर स्वच्छता के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया। नगर निगम की स्वछता टीम के सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी आम जनों को घर से निकलने वाले सूखे कचरे को डस्टबिन में एकत्र कर नगर निगम की गाडी में ही देने के लिए आग्रह किया गया। घर से निकलने वाले गीले कचरे से घर पर ही खाद बनाने हेतु प्रेरित किया गया। घर एवं दूकान में बनाये जाने वाले सेप्टिक टैंक को सही तरीके से न बनाने एवं उसे हर तीन साल में साफ नहीं करवाने से होने खतरे एवं बिमारियों से अवगत करवाया गया। स्वच्छता रैली के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक विष्णुकांत दुबे, स्वास्थ्य निरीक्षक कोंडैया, सभी वार्ड के सुपरवाइजर एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे ।


