रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। होशंगाबाद नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र के लिए लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए हो रहे निर्वाचन को लेकर रिटर्निंग अधिकारी एवं कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 28 मार्च 2024 से आज अंतिम दिवस तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए। जिसमें कुल 12 अभ्यर्थियों से 18 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुये है। गुरुवार को अंतिम दिवस 9 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए हैं।रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त दलों की ओर से दर्शन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चार नाम निर्देशन पत्र, संजय शर्मा ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप मे दो नाम निर्देशन पत्र, रामगोविंद बरुआ ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में 1 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है। पंजीकृत किंतु गैर मान्यता राजनैतिक दलों के प्रत्याशी के रूप में दिव्येन्द्र ने भारतीय युवा जन एकता पार्टी से 1 नाम निर्देशन पत्र, माखन सिंह लोधी ने भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से 1 नाम निर्देशन पत्र, श्रीमती ज्योति ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से 2 नाम निर्देशन पत्र, बहुजन मुक्ति पार्टी से सरजेराव सहारे ने 1 नाम निर्देशन पत्र, ब्रजेश ने जनसंघ पार्टी की ओर से 1 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया।
निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राकेश रामप्रसाद, दिव्येन्द्र, मुकेश, युवराज एवं तिलक सिंह यादव ने एक-एक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया। अवगत हो कि नाम निर्देशन पत्र जमा करने के अंतिम दिवस प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्वयं भाजपा प्रत्याशी दर्शन चौधरी के साथ कलेक्ट्रेट नाम निर्देशन पत्र जमा करने पहुंचे।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति के अंतिम दिवस भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक डॉ. प्रीतम. बी. यशवंत भी उपस्थित रहें। रिटर्निंग आफिसर सुश्री सोनिया मीना ने बताया कि प्राप्त सभी नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा का कार्य 5 अप्रैल को न्यायालय कलेक्टर नर्मदापुरम मे प्रातः11 बजे से प्रारंभ किया जायेगा एवं संवीक्षा पूर्ण होने पर वैध रूप से नामांकित अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।अंतिम रूप से निर्वाचन लडने वाले अभ्यर्थियों को प्रतीक आवंटन 8 अप्रैल को किया जायेगा। नाम निर्देशन के अंतिम दिन 04 अप्रैल गुरूवार को 09 नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहुजन मुक्ति पार्टी की ओर से सरजे राव सहारे, इंडियन नेशनल कांग्रेस से संजय शर्मा, भारतीय युवा जन एकता पार्टी से दिव्येन्द्र दुबे ने, निर्दलीय के रूप मे मुकेश ने, भारतीय जनता पार्टी की ओर से दर्शन सिंह नें दो नामांकन, जनसंघ पार्टी की ओर से ब्रजेश खेमरिया, निर्दलीय के रूप में युवराज गव्हाडे ने तथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तिलक सिंह जाटव के द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया।


