कटनी – तहसील कार्यालय स्लीमनाबाद के ग्राम संसारपुर में शासकीय माध्यमिक शाला संसारपुर को भवन निर्माण हेतु करीब 13 लाख की कीमत वाली 0.40 हेक्टेयर, अर्थात करीब एक एकड़ भूमि श्री कौशल प्रसाद यादव नें दान देकर नजीर पेश की है। ताकि इस स्कूल से पढ़कर क्षेत्र के बच्चे देश और प्रदेश में जिले का नाम रोशन कर सकें।
शिक्षा की अलख जगाने के लिए श्री कौशल प्रसाद यादव द्वारा भूमि दान दिये जाने के सराहनीय कार्य पर बुधवार को एस.डी.एम राकेश चौरसिया, नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव हल्का पटवारी सुश्री राजनंदनी मिश्रा, खिरहनी पटवारी रजनीश गुप्ता, सचिव रामशरण सोनी, सरपंच श्री मीना रधुवीर यादव, रोजगार सहायक चन्द्रभान चौधरी एवं विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति मे श्री कौशल प्रसाद यादव को कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी बहोरीबंद श्री राकेश चौरसिया ने बताया कि श्री कौशल प्रसाद यादव द्वारा संसारपुर की दान की गई भूमि खसरा नंबर 189 रकवा 0.80 में से रकवा 0.40 हेक्टेयर भूमि शासकीय माध्यमिक शाला के नाम पर दर्ज कर खसरा नक्शा अभिलेख दुरूस्त किया गया है।
विदित हो कि राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के नियम के तहत यदि कोई व्यक्ति विद्यालय के पूर्ण भवन के लिए आवश्यक भूमि दान मे देता है तो भूमि का कोई मूल्यांकन किये बिना उस भवन का नाम दानदाता के या उसके द्वारा प्रस्तावित व्यक्ति के नाम पर रखने का प्रावधान है। अनुविभागीय अधिकारी बहोरीबंद श्री चौरसिया द्वारा नामकरण संबंधी अग्रिम कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
Jansampark Madhya Pradesh


