कटनी (11 मार्च) – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाताओं की निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से अवगत कराने एवं मतदान प्रतिशत में वृद्धि व जागरूकता हेतु स्वीप गतिविधियों के चरणबद्ध आयोजन किये जाने हेतु कैलेण्डर जारी किया है। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा गतिविधियों के संचालन हेतु संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी नियुक्त किये गए है।
चुनावी पाठशाला
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जारी आदेशानुसार 5 मई 2024 तक उच्च शिक्षा विभाग एवं शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के समस्त महाविद्यालयों एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के साथ ही मतदान केन्द्रो में चुनावी पाठशाला के आयोजन किया जायेगा। इस हेतु प्राचार्य उच्च शिक्षा विभाग लीड कॉलेज को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
चौपाल शाला
जागरूकता अभियान के तहत 05 मई तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को चारों विधानसभा के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों मे सायं 5 बजे से 6 बजे तक चौपाल का आयोजन किया जायेगा। इस हेतु समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
दीवार लेखन
अभियान के तहत 10 अप्रेल तक संपूर्ण जिले की समस्त ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र मे दीवार लेखन के माध्यम से नागरिकों मे जागरूकता लाने का कार्य किया जाएगा इसके नोडल अधिकारी जिला समन्वयक जन अभियान परिषद होंगे।
बाइक रैली
पुलिस विभाग के माध्यम से 16 अप्रैल को दो चरणों मे बाइक रैली का आयोजन किया जायेगा। प्रथम चरण में समस्त थानों तथा द्वितीय चरण मे जिला मुख्यालय के मुख्य मार्गाे बस स्टैंड, मिशन चौक, माधवनगर, कैंप, तिलक कॉलेज से बाइक रैली का आयोजन किया जायेगा इसके नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होंगे।
मतदाता जागरूकता वलून
समस्त नगर निगम परिक्षेत्र के अंतर्गत 15 अप्रैल तक मतदाता जागरूकता वलून की गतिविधियां आयोजित करने हेतु आयुक्त नगर पालिक निगम कटनी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
रंगोली एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता
जागरूकता अभियान के तहत जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में 15 अप्रैल को उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से दो चरणों में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी जिसके प्रथम चरण मे विधानसभा स्तर के सभी महाविद्यालय से विजेता प्रतिभागी को तथा द्वितीय चरण मे जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसी तरह शिक्षा विभाग के माध्यम से 16 अप्रैल को सभी महाविद्यालय एवं सभी बालिका विद्यालय की प्रश्न मंच प्रतियोगिता के तहत प्रथम चरण में विधानसभा के विजेताओं तथा द्वितीय चरण में जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी।
मतदान आमंत्रण आपके द्वार
स्वीप गतिविधियों के तहत महिला बाल विकास के माध्यम से 15 मार्च से 20 मार्च तक तथा स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से 20 अप्रैल को समस्त कर्मचारियों द्वारा अपने विधानसभा अंतर्गत मतदाता के द्वार मे जाकर मतदान हेतु आमंत्रित करने की कार्यवाही की जायेगी।
ये गतिविधियां भी होंगी आयोजित
कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा जारी आदेशानुसार 18 मार्च को ब्लॉक मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय मे कैंडल मार्च का आयोजन, 21 मार्च एवं 26 मार्च को लोकतंत्र में मतदान का महत्व, आवश्यकता को लेकर दो चरणों में सभी महाविद्यालय और विकासखण्ड के आई.टी .आई सेंटर में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसके साथ ही 21 मार्च को संपूर्ण जिले मे एक साथ एक ही दिन हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा।
इसके अतिरिक्त 27 मार्च को पिंक दो पहिया वाहन रैली, 28 मार्च एवं 4 अप्रैल को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, 1 अप्रैल को क्रिकेट मैच, 2 अप्रैल को वैच एंव टी- शर्ट वितरण, 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लोकतंत्र की मशाल एवं नुक्कड़ नाटक, 5 अप्रैल को दीप प्रज्जवलन, 6 अप्रैल को मानव श्रृंखला, 8 अप्रेल को स्वीप के लिए शार्ट फिल्म, 15 अप्रैल एवं 24 अप्रैल को कुश्ती प्रतियोगिता, 25 अप्रैल को साईकिल रैली, 30 अप्रैल को रन फॉर वोट, 2 मई को रैली तथा 4 मई 2024 को कटनी का नक्शा बनाकर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम फॉरेस्टर प्लेग्राउंड मे आयोजित किया जायेगा।


