पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 2385 केंद्रों पर आयोजित लिखित परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश में पिछले तीन दिनों में 122 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
इनमें सॉल्वर गैंग के सदस्य भी शामिल हैं। परीक्षा की शुचिता एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पुलिस और एसटीएफ के संयुक्त अभियान में यह गिरफ्तारी की गई। परीक्षा में कहीं भी कोई गड़बड़ी होने की सूचना नहीं मिली है। यह परीक्षा रविवार को भी दो पालियों में होगी।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि 15 फरवरी से लेकर 17 जनवरी को दोपहर 4.30 बजे तक 14 जिलों से कुल 122 लोग गिरफ्तार/हिरासत में लिए गए हैं। परीक्षा के पहले दिन शनिवार को कुल 96 लोग गिरफ्तार किए गए, जिसमें सबसे ज्यादा 15 लोग शनिवार को एटा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र से नौ और आजमगढ़ के कंधरापुर से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 16 फरवरी को आठ लोग गाजीपुर से नोनहरा थाना क्षेत्र से और छह लोग मऊ जिले के कोतवाली नगर व कोपागंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए थे। वाराणसी कमिश्नरेट व आगरा कमिश्नरेट ने एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान में 16 फरवरी को ही दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
शनिवार को हाथरस पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर कोतवाली नगर थाना क्षेत्र से तीन लोगों को तथा कानपुर कमिश्नरेट व एसटीएफ ने हनुमंत विहार थाना क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया। फिरोजाबाद जिले की पुलिस ने उत्तर थाना क्षेत्र से चार तथा जौनपुर पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र से पांच लोगों को गिरफ्तार किया।


