रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम// प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हरदा में फटाका फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की दिल दहलाती घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश में इस तरह की घटना दोबारा ना हो इसके लिए दिशा निर्देश दिए हुए हैं । जिसके तहत नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना द्वारा भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत गैस गोदाम, पेट्रोल पंप, फटाका दुकानों जैसे अति संवेदनशील प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्यवाही करें और जॉच प्रतिवेदन तैयार करे,जिससे भविष्य में ऐसी कोई घटना की पुनरावृत्ति ना हो। इसी तारतम्य में शुक्रवार देर शाम बाजार क्षेत्र में नगरी तहसीलदार देवशंकर धुर्वे खाद्य विभाग की टीम और राजस्व टीम के साथ बाजार क्षेत्र का सघन जांच करने पहुंचे,उन दुकानों की जांच की जहां पर गैस चूल्हा सुधारने, विक्रय सहित गैस रिफिलिंग की प्रक्रिया भी होती है। कार्यवाही के लिए घूमती प्रशासन की टीम की सूचना पर बाजार में हलचल मच गई। इस दौरान तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कसेरा बाजार में स्थित एक दुकान पर पहुंचकर छोटे गैस सिलेंडरों को जप्त किया। पूरी कार्यवाही सहायक आपूर्ति अधिकारी दिनेश अहिरवार द्वारा की गई। इस दौरान राजस्व निरीक्षक गजेंद्र जाटव, सतीश चौहान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। तहसीलदार देवशंकर धुर्वे ने बताया कि ऐसी सूचना मिल रही थी कि बाजार क्षेत्र में गैस रिफिलिंग का कार्य अनाधिकृत रूप से किया जा रहा है,जिसके तहत सघन जांच की जा रही हैं। और आगे भी कारवाई जारी रहेंगी।


