रिपोर्टर प्रिया दुबे
कटनी 8 फरवरी- नगरपालिक निगम कटनी का विशेष सम्मिलन निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक प्रारंभ होने पर नवनिर्वाचित पार्षद श्री सचिन कुमार बहरे महात्मा गांधी वार्ड एवं श्री लव साहू डॉं राजेन्द्र प्रसाद वार्ड का स्वागत वरिष्ठ पार्षद श्री मिथलेष जैन एवं मौसूफ अहमद बिट्टू व निगमायुक्त श्री विनोद कुमार शुक्ल द्वारा पुष्पगुच्छ भेट कर स्वागत करनें के उपरांत सदन की कार्यवाही प्रारंभ की गई । सदन में उपस्थित मान. श्री संदीप जायसवाल-विधायक मुडवारा का स्वागत निगमाध्यक्ष मनीष पाठक सहित सदन के सभी सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
इन प्रसतावों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रेमनगर एवं झिंझरी में निर्माणाधीन एल.आई.जी./ एम.आई.जी भवनों को विक्रय किये जाने के संबंध में एम.आई.सी को निर्णय लिए जाने का अधिकार होने के कारण उक्त प्रस्ताव एम.आई.सी की ओर प्रेषित किए जाने का निर्णय लिया गया। मंगलनगर से मथुरा तिवारी के घर से होकर बाबाघाट तक जाने वाले मार्ग का नामकरण पं. मथुरा तिवारी एडवोकेट मार्ग किए जाने का निर्णय सर्वसम्मति से किया गया। ठोस अपषिष्ट प्रबंधन योजना के संबंध में परिषद द्वारा गठित समिति के प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा की गई ।
ओव्हर ब्रिज के पिलरों पर न लागएं विज्ञापन
परिषद सम्मेलन के पूर्व निगमाध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा ओव्हर ब्रिज के मिशन चौक स्थित पिलरों पर लगे स्वंय के जन्मदिन की शुभकामनांओं के पोस्टर को निगम के कर्मचारियों से अपने समक्ष हटवाया गया। जगन्नाथ चौक से बरगवां तक निर्मित ओव्हर ब्रिज के पिलरों पर विज्ञापन/प्रचार प्रासार हेतु विभिन्न संस्थाओं/नागरिकों द्वारा लगाए गऐ पोस्टर/पंपलेट को तत्काल हटवाए जाने एवं पिलरों पर स्वच्छता के सन्देश एवं चित्रों से सुसज्जित किये जाने हेतु सदन में चर्चा कर निर्णय लिया गया । सदन द्वारा निगमायुक्त को उक्त संबंध में यथा शीघ्र कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर के नागरिकों से अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की दृष्टि से पिलरों पर विज्ञापन आदि न लगाये जाने की अपील भी की ।
श्रृद्धाजली अर्पित की
श्री लक्ष्मीचंद बाझल पूर्व विधायक, श्री वेंकट खण्डेलवाल पूर्व निगमाध्यक्ष, श्री छेदीलाल कोष्टा पूर्व पार्षद एवं हरदा फटाका फैक्ट्री में भीषण अग्नि दुर्घटना में नागरिकों के आकस्मिक निधन होने पर दो मिनट का मौन रख कर सदन द्वारा शोक श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।


