रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । जिले में शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पर्यटन ,कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा इत्यादि प्रमुख क्षेत्रों में जिले को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।यह बात नवागत कलेक्टर सोनिया मीना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि जिले में एक जिला एक उत्पाद के तहत चयनित पर्यटन में विकास की अपार संभावनाएं हैं। शीघ्र ही नई गतिविधियों को शुरू कर पर्यटन संवर्धन के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों को पर्यटन के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा की सतत मॉनिटरिंग कर आयोजित कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। ताकि सभी पात्रों तक केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों के भी तत्परतापूर्वक निराकरण के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मॉनिटरिंग का प्रभावी सिस्टम बनाकर विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए। इस दौरान पत्रकारों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि मीनाक्षी चौराहा चौड़ीकरण में अवैध रूप से रखे गए टपो को भी हटाया जाना चाहिए। नपा से आवंटित टपों को सूची चिन्हित कर उन्हें विस्थापित किया जाए। अन्य अतिक्रमण वहां से हटाए जाएं जिससे चौड़ीकरण सुगमता से हो सके यह एक बड़ी चुनौती है। इसी प्रकार नर्मदा नदी के 5 किलोमीटर के दायरे में शराब विक्रय पर प्रतिबंध होने के बावजूद शहर में गली-गली अवैध रूप से शराब की खपत की जा रही है। इस पर विधिवत कार्रवाई होना चाहिए। शहर में नियमित पुलिस गस्त रात्रि में नहीं हो रही है समय पर बाजार बंद नहीं हो रहा है । सड़कों पर अतिक्रमण पसरने से यातायात बाधित हो रहा है। मुख्य सड़क से लगकर बड़े-बड़े व्यावसायिक कांप्लेक्स निर्माण हो रहे हैं परंतु उसमें वाहन पार्किंग की सुविधा की जगह नहीं रखी जा रही है। आरटीआई में समय पर नगर पालिका और स्वास्थ विभाग द्वारा जानकारी नहीं दी जाती है। इसी तरह कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित वन विभाग के गंभीर विषयों के अलावा अन्य विषयों पर भी मीडिया ने ध्यान आकर्षित कराया।
कलेक्टर सुश्री मीना ने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं को आमजन तक पहुंचने में और योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों को उजागर करने में मीडिया की अहम भूमिका रहती। मीडिया से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों पर त्वरित कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा जिले के विकास के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। उक्त पत्रकारवार्ता में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस रावत, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ नवनीत पांडे, आरटीओ निशा चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।


