अंकित नेमा की रिपोर्ट
नरसिंहपुर, 04 नवम्बर 2023. विधानसभा निर्वाचन- 2023 के अंतर्गत पारदर्शी, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशन में जिले के एसएसटी चेक पोस्ट पर लगातार टीमों द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है।
जिले के विधानसभा क्षेत्र तेंदूखेड़ा के अंतर्गत ग्राम कौंड़िया में बनाये गये चेक पोस्ट में स्थेतिक निगरानी दल- (एसएसटी) द्वारा शुक्रवार की रात्रि वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान टीम द्वारा जबलपुर निवासी मिथलेश सिंह श्रीवास्तव के वाहन क्रमांक एमपी 49 सी 8208 की जांच की गई। वे गाडरवारा से नरसिंहपुर जा रहे थे। जांच के दौरान उनके पास 8 लाख रुपये नगद पाये गये। टीम द्वारा इसकी सूचना एफएसटी को दी गई। एफएसटी टीम ने 8 लाख रुपये की जब्ती की। मौके पर एफएसटी टीम के प्रभारी श्री जयसिंह परते, श्री पुष्पराज पटैल व आरक्षक श्री ब्रजेश अहिरवार मौजूद थे।


