कटनी। रीठी थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने विगत दिवस अपनी दूसरी पत्नी और साली पर पारिवारिक विवाद के कारण जानलेवा हमला करते हुए लहूलुहान कर दिया। महिला के साथ प्रधानरक्षक ने रैपुरा स्थित आवास में मारपीट की है। घटना के बाद लहूलुहान हालत में महिला न्याय की आस लगाए एसपी कार्यालय पहुंची।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ग्राम रैपुरा जिला पन्ना निवासी 30 वर्षीय सरोज चौधरी ने बातचीत में कहा कि रीठी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक भगवत प्रसाद चौधरी ने खुद को तलाकशुदा बात कर उससे विवाह कर लिया। धोखे से विवाह करने की बात उसके सामने तब आई जब उसने न्यायालय से इस संबंध में नकल
निकलवाई। धोखा खाने के बाद जब महिला ने प्रधान आरक्षक से इस संबंध में बातचीत की तो उसने महिला के साथ मारपीट की। प्रधान आरक्षक की दूसरी पत्नी सरोज का कहना है कि मारपीट की शिकायत उसने 13 अक्टूबर एवं 18 अक्टूबर को रैपुरा थाने में दर्ज कराई है। थाने में मामला दर्ज होने के बाद प्रधान आरक्षक उसे शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। जब उसने शिकायत वापस लेने से मना किया तो विगत दिवस प्रधान आरक्षक अपने परिजनों के साथ रैपुरा पहुंचा और दूसरी पत्नी और साली के उपर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित महिला ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।


