VIDEO NEWS कटनी – विधान सभा निर्वाचन 2023 के तहत आगामी 17 नवंबर को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संपन्न होने वाले मतदान के मद्देनजर मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली जरूरी व्यवस्थाओं और तैयारियों का बुधवार को कलेक्टर अवि प्रसाद और पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर जायजा लिया।
कलेक्टर श्री प्रसाद और पुलिस अधीक्षक श्री रंजन ने विधानसभा क्षेत्र मुड़वारा अंतर्गत नगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला कावस जी वार्ड के पांच मतदान केन्द्र क्रमांक 193, 195, 196, 197 एवं 198 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार मतदान केन्द्रों 193, 196, 197 एवं 198 के बी.एल.ओ को अनुपस्थित पाये जानें पर एस.डी.एम राकेश चौरसिया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए । कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा प्राथमिक शाला टिकरिया लखेरा स्थित मतदान केन्द्र क्रमाक 201 व छात्र संग्राम परिषद स्कूल बाबा घाट प्राथमिक शाला अति संवेदनशील मतदान केन्द्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने मतदान केंद्रों में मतदान पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने, मतदाताओ को जरूरी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए । मतदान केंद्रों में बुजुर्गों एवं दिव्यांगों को रैंप, उपकरण व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अधिकारियों को कम्युनिकेशन प्लान दुरुस्त रखने के लिए कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करने हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक श्री रंजन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराए जाने हेतु पुलिस एवं पेट्रोलिंग दलों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरंतर भ्रमण करते हुए वस्तुस्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते रहें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अवि प्रसाद प्रसाद ने बताया कि जिले के एक ही स्थल पर पांच या पांच से अधिक बूथ की आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाकर कमियां पाये जाने पर व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई जा रहीं है ताकि मतदान दिवस के दिन आने वाले मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार एसे मतदान केन्द्र जहां पांच या पांच से अधिक बूथ है वहां ले-आउस एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाकर व्यवधान रहित निर्वाचन कराने के प्रयास किये जा रहे है।
इस दौरान एस.डी.एम कटनी राकेश चौरसिया, सी.एस.पी ख्याति मिश्रा, निगमायुक्त विनोद कुमार शुक्ल सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे।
Jansampark Madhya Pradesh


