कटनी (21 अक्टूबर)- आगामी विधानसभा निर्वाचन में लोकतंत्र के महायज्ञ में लोकतंत्र के सशक्तिकरण हेतु मताधिकार की आहुति अधिक से अधिक मतदाता 17 नवंबर को होने वाले मतदान के दौरान निर्भीक और निष्पक्ष होकर करें। इस हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविप्रसाद के निर्देश पर और जिला पंचायत के सीईओ तथा नोडल अधिकारी स्वीप शिशिर गेमावत की सतत निगरानी में जिले की चारों विधानसभा में मतदाता जागरूकता की गतिविधियों का आयोजन विविध तरीकों से किया जा रहा है। जिसमें रंगोली, मानव श्रृंखला, मेहंदी, जागरूकता रैलियां, नवरात्रि दुर्गा गरबा उत्सव और अन्य माध्यमों से स्वीप की गतिविधियां अनवरत रूप से चल रही है तथा मतदाताओं को मतदाता शपथ दिलाई जाकर मतदान करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता के नारों और स्लोगन दीवार लेखन कर भी मतदाता संदेश का प्रचार प्रसार व्यापक रूप से किया जा रहा है।


