कटनी (14 अक्टूबर)- मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नवीन तालाब निर्माण कार्य को तकनीकी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण तरीके से नियत समय सीमा में पूर्ण कार्य कराएं, ताकि जल संचय एवं जल भराव पर्याप्त मात्रा में हो सके और इसका भरपूर लाभ ग्रामीणों को मिल सके। इस आशयके निर्देश जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने शुक्रवार की देर शाम विकासखंड बड़वारा की ग्राम पंचायत गुड़ा कला के प्रगतिरत नवीन तालाब का औचक निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को दिए। सीईओ ने सख्त लहजे में निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति और पूर्णता के दौरान कार्य की गुणवत्ता और तय समय सीमा दोनों महत्वपूर्ण है इसमें लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत विधानसभा निर्वाचन कार्यों की अत्यंत व्यस्तताओं के बीच गुड़ा कला में मतदाता जागरूकता अभियान की गतिविधियों का जायजा लेने पहुंचे थे और गत विधानसभा चुनाव में न्यून मतदान होने के कारणों के संबंध में जानकारी ली जाकर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए थे।


