कटनी स्वच्छता ही सेवा 2023 अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के शुभ अवसर की पूर्व संध्या पर 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रान्दजलि दिये जाने हेतु जिले के सभी ग्रामों, जनपदों एवं जिला स्तर पर एक साथ एक घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान अभियान आयोजित किया जाना है।
कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा एक साथ एक घंटे स्वच्छता के लए श्रमदान अभियान को सफल बनाने हेतु जिला एवं जनपद स्तरीय नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए उन्हे दायित्व सौंपे गए है।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जारी आदेशानुसार कटनी जिला स्तरीय नोडल अधिकारी श्री जग्गी पटेल बी.सी.एस.बी.एम जनपद पंचायत कटनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत स्तर पर बड़वारा, बहोरीबंद, ढीमरखेडा, कटनी, रीठी, विजयराघवगढ़ हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी तथा बी.सी.एस.बी.एम कर्मचारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह ग्राम एवं ग्राम पंचायत स्तर पर संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव को नोडल अधिकारी तथा संबंधित ग्राम रोजगार सहायक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाकर दायित्व सौंपे गए है।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को न्यूनतम 01 गतिविधि में भाग लेकर स्वच्छता हेतु श्रमदान करनें तथा प्रत्येक स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों में उस स्तर के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करानें हेतु निर्देशित किया है।


