कटनी। जिले में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की बोर्ड परीक्षों के परिणाम में सुधार लाने के लिए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा किए जा रहे नवाचार में सहयोग प्रदान करने के लिए अब विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक भी सामने आए हैं। उन्होंने भी विजयराघवगढ़ विधानसभा की विकास निधि से शासकीय विद्यालयों के कक्षा 12 वी के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बुकलेट के प्रकाशन हेतु 2.50 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। उल्लेखनीय है कि मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल और बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे पहले ही अपनी विकास निधि से उक्त नवाचार हेतु 2.50-2.50 लाख रुपए की राशि प्रदान करने स्वीकृति देकर पत्र जारी कर चुके हैं।
*परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए कलेक्टर के गंभीर प्रयास*
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 12 वी की बोर्ड परीक्षा के जिले में गुणात्मक सुधार के लिए कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा नवाचार करते हुए जिले की सभी शासकीय शालाओं के कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए बुकलेट के प्रकाशन का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जिले के कक्षा बारहवीं की शिक्षा से संबंधित विषय विशेषज्ञों के माध्यम से बुकलेट की ब्लू प्रिंट तैयार कराई जा चुकी है। जिसमें पूर्व परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्नों, संभावित प्रश्नों और चयनित प्रश्नों, अभ्यासों और पाठ्य सामग्री को समाहित कर उनके श्रेष्ठ उत्तरों को सम्मिलित किया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh


