श्रमिकों के आधार बेस्ड पेमेंट एवं एनआरएम कार्यों का कराएं प्रभावी क्रियान्वयन- सीईओ श्री गेमावत*
कटनी (1सितंबर)- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने हेतु प्रगतिरत अपूर्ण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा की समीक्षा बैठक में जनपद पंचायतों के सीईओ एवं अन्य अधिकारियों को दिए। समीक्षा करते हुए जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने जनपद पंचायतवार आधार आधारित भुगतान, श्रमिक नियोजन, पुष्कर धरोहर के कार्यों, लंबित जिओ टैगिंग और नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट के अंतर्गत कराए गए कार्य और उन पर किए गए व्यय की विस्तार से प्रगति की समीक्षा कर जानकारी ली। समीक्षा बैठक में विकासखंड बड़वारा के मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहने पर शोकाज नोटिस जारी करने और तीन दिन के वेतन की कटौती के निर्देश दिए। सीईओ ने आधार आधारित भुगतान की समीक्षा करते हुए 10 सितंबर तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण कर वांछित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुष्कर धरोहर के अंतर्गत अपूर्ण तालाबों के कार्यों को 15 सितंबर तक मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण बनाने हेतु कहा। प्रगतिरत अपूर्ण एवं पूर्ण कार्यों की जिओ टैगिंग की समीक्षा करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट (एनआरएम) के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराते हुए 65 प्रतिशत तक व्यय करने का लक्ष्य निर्धारित किया ताकि श्रमिकों को रोजगार के साथ-साथ ग्रामीणजन भी कार्यों के पूर्ण होने पर लाभान्वित हो सकेंगे। बैठक में परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषिराज चढ़ार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. पांडे ,अभिषेक कुमार झा, युजवेंद्र कोरी, चंदूलाल पनिका, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और सहायक यंत्री मौजूद रहे।


