कटनी। कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन का संकट सबने देखा। ऑक्सीजन की कमी की वजह से हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। महामारी का ऐसा तांडव था कि कोई चाहकर भी किसी की मदद नहीं कर पा रहा था। संकट से उबरने के बाद सरकार ने भले ही ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए हों, लेकिन इस सबसे अलग हटकर तिलक कॉलेज के एक छात्र ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।
दुबे कॉलोनी निवासी एलआईसी अभिकर्ता आनंद तिवारी के पुत्र अभिनव तिवारी ने कोरोना संक्रमण के दौरान ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइकिल यात्रा की। अभिनव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक में सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 17 मार्च 2023 को उन्होंने अपनी साइकिल यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने देश के सात राज्यों में पहुंचकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए राजस्थान, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली की यात्रा करने के बाद दो दिन पहले ही वे कटनी वापस आए। वे जहां भी जाते थे, रात्रि विश्राम के बाद दूसरे दिन सुबह पीपल और बरगद के पौधे लगाना नहीं भूलते और लोगों से भी पीपल और बरगद के पौधे लगाने की अपील करते हैं। उनका कहना है कि पीपल और बरगद के पेड़ हमारे लिए पूज्य हैं। हिन्दू संस्कृति में इन्हें देव माना गया है, साथ ही यह हमे ऑक्सीजन भी देते हैं। पत्रकारवार्ता में अभिनव के पिता आनंद तिवारी, पटवारी विवेक तिवारी, अरविन्द गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान मिला लोगों का सहयोग
अभिनव तिवारी ने बताया कि वे देश के जिस राज्य और जिले में गए, वहां लोगों को सहयोग और प्यार मिला। लोगों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए ठहरने और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं की। अभिनव ने बताया कि कई स्थानों पर कुछ कारणों से तकलीफों का भी सामना करना पड़ा लेकिन जिस उद्देश्य को लेकर साइकिल यात्रा पर निकला था, उस उद्देश्य के सामने ये तकलीफें कोई मायने नहीं रखती। साइकिल यात्रा के दौरान पेंच नेशनल पार्क में जाम की वजह से तीन दिन तक वे वहां पर फंसे रहे। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ समय में अब वृहद स्तर पर साइकिल यात्रा पर निकलने की योजना है।
प्रधानमंत्री ने की सराहना, सीएम ने दिया आशीर्वाद
प्रधानमंत्री ने की सराहना, सीएम ने दिया आशीर्वाद
इस दौरान दिल्ली पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करते हुए अभिनव ने साइकिल यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी। पी एम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षणका समस्त प्राणियों के जीवन तथा इस धरती के समस्त प्राकृतिक परिवेश से घनिष्ठ सम्बन्ध है। सही मायनों में पर्यावरण पर हमारा भविष्य आधारित है, जिसकी बेहतरी के लिए आप काम कर रहे हैं। उन्होंने अभिनव के इस प्रयास की हौसला अफजाई की। प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभिनव के इस अभियान की न केवल सराहना की बल्कि आशीर्वाद भी दिया।


