कटनी – विकासखंड विजयराघवगढ़ दौरे के दौरान कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा गुरूवार को ग्राम पंचायत कांटी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कांटी में गर्भवती, धात्री महिलाओ से टीका करण, ओर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रदाय की जाने वाली राशि के संबंध मे जानकारी ली गई। आंगनवाड़ी केंद्र कमांक 2 के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की जाकर महिलाओ द्वारा समूह के माध्यम से संचालित दुकान का निरीक्षण किया जाकर उपस्थित ग्रामीणों की समस्या सुन उनसे आवेदन लिए गए।
*उपस्वास्थ्य केन्द्र कांटी का निरीक्षण*
कलेक्टर श्री प्रसाद ने भ्रमण के दौरान उपस्वास्थ्य केन्द्र एवं हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर ग्राम कांटी का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां मौजूद कम्यूनिटी हेल्थ आफीसर शालिनी चौधरी एवं एएनएम सुषमा धुर्वे ने उपस्वास्थ्य केन्द्र में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं और निःशुल्क दवाईयों के वितरण की जानकारी दी। कलेक्टर ने यहां मौजूद भंडार कक्ष को भी देखा जहां दवाईयों की उपलब्धता पाई गई। उन्होने जननी सुरक्षा योजना के तहत हितग्राहियों की जानकारी ली और निर्देशित किया कि सभी हितग्राहियों का भुगतान समय पर किया जाना सुनिश्चित हो।


