कटनी (16 अगस्त)- समाज में स्नेह और मैत्री का भाव रखने का संदेश भगवान् श्री राम ने अपनी प्रजा को दिया था। यही संदेश महाराज पृथु ने अपनी प्रजा को धर्म सभा में संदेश देते हुए सभी को एक साथ रहकर के धर्म के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के जीवन जीने की शिक्षा प्रदान की। उक्त आशय के सद्विचार पीठाधीश्वर महंत नरहरि दास जी महाराज गुप्तेश्व जबलपुर ने स्नेह यात्रा के आरंभ के दौरान व्यक्त किये।
प्रदेश शासन के निर्देश पर जन अभियान परिषद के तत्वाधान में स्नेह यात्रा का आरंभ विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रजरवारा नंबर एक ग्राम से किया गया। इस अवसर पर संत श्री ने मन्दिर में भगवान् शिव जी के पूजन के उपरांत कलश जलाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जनों एवं समाजसेवी संगठनों ने भाग लिया कार्यक्रम में महाराज श्री का स्वागत विधायक प्रतिनिधि एवं
जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान ने मल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने स्वागत उद्बोधन में श्री चौहान ने यात्रा के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि ये संत कृपा है कि वे अपना दर्शन एवम आशीर्वाद देने हमारे बीच पधारे हैं। इस अवसर पर महंत श्री ने कहा कि किसी को किसी से भेद नहीं करना चाहिए। जीवन हो सहज सरल अपना इसलिए समाज को धर्म और जातियों में नहीं बाँटा जाना चाहिए।
कार्यक्रम में कांटी मंडल अध्यक्ष जयवंत सिंह चौहान, केशव प्रसाद द्विवेदी, रघुवर प्रसाद मिश्र, देवेंद्र सिंह, शिवमंगल सिंह, राजेंद्र सिंह चौहान, बेला श्री सोनी, राम लखन सिंह, ज्ञान सिंह, दशरथ सिंह, दिनेश बर्मन, सुनील मिश्रा आदि उपस्थित रहे. इसके अलावा समाजसेवी संगठनों में श्री रामचंद्र मिशन के सुरेश जड़ीवाल, डॉ. श्री राम पाठक, अमित गुप्ता, पतंजलि समिति से लखन साहू, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।
कांटी मंडल अध्यक्ष जयवंत सिंह चौहान ने संत श्री के आगमन पर आशीर्वाद प्राप्त करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। यात्रा का अगला पड़ाव ग्राम घुनौर में हुआ। जहाँ पर स्थानीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सहित ग्रामीणों ने महंत श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद यात्रा बरहटा ग्राम पहुंची जहाँ पर संत रविदास जी के मन्दिर में पहुंचकर महंत श्री ने संत शिरोमणि रैदास जी का पूजन अर्चन कर दर्शन किया। इस अवसर पर ग्राम बरहटा के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. ग्राम जिवारा में लाडली बहना समूह की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित हो करके आचार्य श्री का भव्य स्वागत किया. यहाँ पर कृष्ण कृपा धाम भेडा से पधारे संत श्री ने भी आशीर्वाद प्रदान किया और सभी को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया। यात्रा अगले चरण में ग्राम देवसरी पहुंची वहाँ पर स्थानीय समिति एवं ग्रामीणों ने संतों का भव्य स्वागत करते हुए उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। गौरतलब है कि जन अभियान परिषद के द्वारा संचालित स्नेह यात्रा दो दिनों तक विजयराघवगढ़ विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में भ्रमण करेगी। इसके बाद यही यात्रा बड़वारा होते हुए जिले के अन्य क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता एवम सभी को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया जा रहा है। यात्रा का मार्गदर्शन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केसवाल कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन बलमुकुंद मिश्रा एवं विजयरघवगढ़ बीसी श्रीमती आरती गुप्ता कर रहीं हैं। स्नेह यात्रा अपने अगले ग्राम देवराकला, बनिगवां, जटवारा, सिंघवारा, नन्हवारा, कलहरा सहित अन्य ग्रामों के लिए रवाना हो गई।


