रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर शहर की बिगड़ी हुई व्यवस्था को सुधारने के लिए कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट संपदा सराफ के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन पुलिस प्रशासन के सहयोग से निरंतर कार्य किया जा रहा है। शहर का संभ्रांत नागरिक बढ़ते हुए अतिक्रमण से परेशान होकर अपनी गुहार जिला प्रशासन तक लगा रहा है। प्रशासन भी इन विषयों को लेकर अब गंभीर हो गया है। अतिक्रमण के कारण वाद विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है और माहौल भी खराब होने की आशंका है। अतिक्रमण को लेकर शहर का संभ्रांत नागरिक अतिक्रमणकारियों से परेशान और प्रताड़ित भी है। शहरी व्यवस्था को सुधारने के लिए कलेक्टर द्वारा जिले में पहली बार मुख्यालय पर सिटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति भी की गई है। नगर पालिका प्रशासन सीएमओ नवनीत पांडे के निर्देशन में अतिक्रमण दस्ता कार्य कर रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा गत दिवस बस स्टैंड परिसर का भी दौरा किया गया और यहां के अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए इसी प्रकार बाजार सहित मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से रखे गए टपों से यातायात व्यवस्था बाधित होने के विषय पर भी प्रशासन गंभीर है। दुकानदारों को भी हिदायत दी गई है कि वह अपने निर्धारित स्थान पर ही दुकानें संचालित करें सड़कों पर वाहन खड़े करने के लिए वाइट लाइन डालकर स्थान भी निर्धारित किया गया है। शनिवार रविवार रात्री करीब ढाई बजे प्रशासन की टीम ने जुमेराती क्षेत्र में अवैध रूप से रातो रात बनाए जा रहे एक अतिक्रमण का टीन शेड नुमा दुकान को हटाया गया । जिससे वहां पर क्षेत्र का माहौल भी खराब हो रहा था और विवाद के हालात भी निर्मित हो रहे थे। जिसकी सूचना के बाद रात्रि में सिटी मजिस्ट्रेट ,नगर पालिका प्रशासन, पुलिस प्रशासन के साथ अतिक्रमण को हटाया गया। इसी प्रकार दशहरा मैदान के पास किसी व्यापारी द्वारा दुकान मरम्मत की परमिशन लेकर दुकान निर्माण की सूचना पर भी संज्ञान लेकर निर्माण कार्य पर रोक लगवा दी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से नगर पालिका में कथित कर्मचारियों की मिलीभगत से शहर में कई जगहों पर अतिक्रमणकारियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और नगर पालिका से सरकारी जमीन की संपत्ति कर की रसीद काटकर उन्हें वहां पर स्थापित कराया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इसके एवज में बड़ी राशि लिए जाने की बात भी सामने आ रही है ।फिलहाल नगर पालिका प्रशासन द्वारा नौ गजा तालाब की सरकारी जमीन की जांच में 29 लोगों के अवैध कब्जे पाए गए जिनके पास से नगरपालिका की संपत्ति कर की रसीद भी मिली है। वहीं सूत्रों की मानें तो इस मामले में नपा के एक एआरआई का नाम भी सामने आ रहा है। इसी प्रकार नगर पालिका की न्यास कॉलोनी की सरकारी पार्क की जगह पर अतिक्रमण कराए जाने के मामले में भी नगरपालिका के टाइमकीपर बलराम पांडे का नाम सामने आया है जिनके द्वारा अतिक्रमणकारियों को नगर पालिका से संपत्ति कर की रसीद उपलब्ध कराई गई है। साथ ही उसके द्वारा भी न्यास कॉलोनी की सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है। इस मामले में टाइमकीपर को नोटिस दिया गया है वहीं सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि जिन अतिक्रमणकारियो को भी नगरपालिका की संपत्ति कर की रसीद दी गई है, यह रसीद किसके द्वारा काटी गई है, इस बात की जांच कराई जा रही है। जिसके बाद निलंबन सहित आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं देर रात्रि जुमेराती एरिया में अतिक्रमण हटाए जाने के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट संपदा सराफ द्वारा मोबाइल पर बताया गया कि देर रात ढाई बजे एक अतिक्रमण को हटाया गया है। चूंकि दिन में क्राउड की स्थिति के चलते प्रशासन और पुलिस की टीम ने उक्त अतिक्रमण को हटाया है। पूर्व में भी अतिक्रमणकारी को अवैध कब्जे पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन फिर भी अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसके लिए देर रात अवैध अतिक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस को अतिक्रमण हटाने की कारवाई करना पडा जिससे शहर का किसी प्रकार का माहौल न बिगड़े। उल्लेखनीय है कि इन दिनों नगर पालिका के कथित कर्मचारी शहर में जहां कहीं सरकारी बहुमूल्य जमीन है, उस पर अतिक्रमण कराकर उन्हें संपत्ति कर की रसीद हजारों रुपयों में उपलब्ध करा कर पट्टे दिलाने के नाम पर खेल कर रहे हैं जिसकी जांच होगी तो बड़े मामले का खुलासा हो सकता है। फिलहाल उक्त कारवाई से शहर में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


