रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । जिला मुख्यालय की भाजपा शासित नगरपालिका परिषद द्वारा बारिश पूर्व किस तरह से शहर के नाले, नालियों सहित वार्डों में सफाई कार्य कराया गया है, उसकी अब कलई खुलने लगी है। पहली बारिश के साथ ही शहर में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। सोशल मीडिया पर नागरिकों ने उनके वार्डों में जल भराव के फोटो शेयर कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। यहां तक की घर के सामने सड़क
पर पानी जमा हो जाने से घर में आने जाने की हो रही समस्या को लेकर नगर पालिका द्वारा समस्या का निराकरण नहीं करने पर सीएम हेल्पलाइन तक में शिकायत दर्ज कराने को लेकर मजबूर हो रहे है। नगर के वार्ड क्रमांक 12 सिद्धेश्वर कॉलोनी में नगर पालिका द्वारा करीब 3 माह पूर्व सड़क बनाई गई थी। जिसमें तकनीकी खामी होने के कारण सीमेंट की सड़क ऊपर और डामरीकरण की पुरानी सड़क नीचे होने से बीच सड़क पर पहली बारिश में ही पानी भर गया और जिससे मंदिर में आने जाने वाले लोगों सहित घरों के सामने पानी भरा होने से आने-जाने में दिक्कत होने लगी। जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर छाया रहा। पानी भराव की सूचना मिलने पर तत्काल सीएमओ नवनीत पांडे नगर पालिका दल बल के साथ मौका स्थल पर पहुंचे और पानी निकासी की व्यवस्था कराई। वार्ड 12 के पार्षद पति अर्पित मालवीय ने बताया कि नगर पालिका द्वारा करीब 3 माह पूर्व सड़क का कार्य कराया गया है। पूरी सड़क नहीं बनने से यह दिक्कत हो रही है, जिसमें सुधार कराया जाएगा। इस वार्ड की इंजीनियर दीक्षा तिवारी हैं।वार्डवासी सेवाराम छाबड़ा और उनकी मां रोशनी छाबड़ा ने बताया कि पार्षद द्वारा सड़क निर्माण कराया गया है, अधूरा काम कराने से और तकनीकी खामी होने से सड़क पर हमारे घर के सामने बारिश का पानी भर गया। घर में आने जाने में दिक्कत हो रही है। मंदिर भी सामने है वहां भी आने जाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। हमारे द्वारा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। नगर पालिका के कर्मचारी कह रहे हैं कि सीमेंट कंक्रीट की बनी हुई सड़क ऊंची होने से आपकी नाली को तोड़ कर उसमें बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। यहां पर पानी भराव होने से जहरीले जीव जंतु निकलने का खतरा बढ़ गया हैं। ऐसे में कैसे समस्या का समाधान होगा?अधूरी सड़क बनाई गई है जिससे यह दिक्कत हो रही है।
