रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । संभाग मुख्यालय पर अत्याधुनिक बेहतर बस स्टैंड की मांग निरंतर काफी समय से नागरिकों द्वारा उठाई जाती रही है। पूर्व की नगर पालिका परिषद ने भी भोपाल तिराहे पर बस स्टैंड बनाने का प्रयास किया था परंतु डूब क्षेत्र के कारणऔर विरोध के चलते अनुमति नहीं मिल सकी थी। सूत्र सेवा बसो के परिचालन को लेकर भी बस स्टैंड निर्धारण पर विवाद हुए हैं। मुख्यालय पर पूर्व में जब राज्य परिवहन डिपो की बसें चलती थी,तब प्राइवेट बस स्टैंड और सरकारी बस स्टैंड अलग-अलग होते थे। बाद में परिवहन डिपो की बसें बंद होने और अनुबंधित बसों के शुरू होने के उपरांत प्राइवेट और सरकारी बस स्टैंड को एक जगह विलय कर दिया गया था। जिसका संचालन नगर पालिका को दिया गया। बरसो बाद अब बसों की बढ़ती संख्या से सरकारी बस स्टैंड पर जगह कम होने और निरंतर सड़क पर जाम के हालात निर्मित होने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड को पुनः संचालन के लिए शुरू करने का निर्णय लिया गया और जिस पर अब काम शुरू हो गया है। अवगत हो कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नर्मदापुरम के गौरव दिवस के अवसर पर नर्मदापुरम में आधुनिक बस स्टैंड की घोषणा की गई थी। जिसके बाद नगर पालिका ने प्रक्रिया शुरू कर दी है अब नगर पालिका मौजूदा सरकारी बस स्टैंड पर ही बेहतर सुविधाओं के लिए डीपीआर तैयार कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव के अनुसार नगर पालिका द्वारा 5 करोड़ की लागत से 50 बसों के एक साथ खड़े होने की व्यवस्था के मुताबिक ड्राइंग और डीपीआर तैयार कराई जा रही है। बस टर्मिनल में रेस्टोरेंट, वेटिंग एरिया,पार्किंग जोन, टिकट काउंटर और अलग-अलग क्षेत्रों की बसों के लिए एरिया निर्धारित किया जाएगा। नगर पालिका का अनुमान है कि वर्तमान बस स्टैंड के विकास कार्य में लगभग 5 करोड की लागत आएगी। प्रतीक्षालय को भी पर्यटन स्थलों की पेंटिंग से आकर्षक बनाया जाएगा और महानगरों की तर्ज पर आधुनिक बस स्टैंड की पार्किंग भी तैयार की जाएगी। सूत्रों के अनुसार आधुनिक पीपीपी मॉडल से बस टर्मिनल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने की योजना है। जिसमें कमर्शियल कांप्लेक्स, प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, ग्रीन बेल्ट एरिया जैसी सुविधा उपलब्ध होगी। बस के देरी से आने पर यात्री परिवार के साथ में कांपलेक्स में शॉपिंग भी कर सकेंगे। नगर पालिका की मानें तो नए बस स्टैंड के लिए शहर के बाहर जमीन नहीं मिलने से मौजूदा बस स्टैंड को ही विकसित करने की योजना तैयार की जा रही हैं। वहीं जिला मुख्यालय पर बनने वाले बस स्टैंड को लेकर नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष अनोखेलाल राजोरिया ने मुख्यमंत्री सहित जिले के प्रभारी मंत्री , क्षेत्रीय विधायक, कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष सहित सीएमओ को पत्र लिखकर शहर में व्यवस्थित बस स्टैंड बनाए जाने की बात कही है। नेता प्रतिपक्ष श्री राजोरिया ने सुझाव दिया है कि उद्यानिकी विभाग की भूमि पर नया बस स्टैंड बनाया जा सकता है। एक नई व्यवस्था के अनुसार दोनों ही बस स्टैंड को एक जगह पर उक्त स्थल पर आधुनिक बस स्टैंड के साथ स्थापित किया जा सकता है।
नगर पालिका की रिक्त हुई भूमि पर व्यवसायिक निर्माण और उपयोग कर परिषद् की आर्थिक व्यवस्था भी सुद्रण की जा सकती है। जिससे सभी यात्रियों को एक ही जगह पर हर प्रकार की सुविधाएं मिल सकेंगी और शहर के अंदर यातायात का दबाव भी कम हो सकेगा और साथ ही साथ ही बसों के भारी दवाब से दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा। मेरे इस सुझाव से बस यात्रियों को रेलवे स्टेशन की सुविधा भी वाकिंग डिस्टेंस पर मिल सकेगी और शहरवासियों को नया सुविधा युक्त बस स्टेंड मिल सकेगा।
