कटनी( 31 मई )- कलेक्टर अवि प्रसाद ने बुधवार को ग्राम हरदुआ पहुंचकर किसान उत्पादक संगठन एफपीओ के लिए नाबार्ड से वित्त पोषित प्रसंस्करण इकाई ग्रेडर मशीन का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने लक्ष्य फॉर्मर एग्रीटेक प्रोड्यूसर कंपनी की प्रसंस्करण इकाई के निरीक्षण के बाद कृषक उत्पादक संगठन के कृषकों, सदस्यों तथा हरित भूमि वेजिटेबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और यदांत फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से चर्चा की और गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने किसान प्रतिनिधियों को आधुनिक खेती के लिए कृषि कार्य में उन्नत कृषि उपकरणों के अधिकाधिक उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया। इस मौके पर ग्राम हरदुआ पौनिया, पड़रभटा और भनपुरा के बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कृषि उपकरण सीड ग्रेडर, पैड़ी ट्रांसप्लांटर, मिनी फ्लोर मिल, पावर टिलर, रेनगन, ग्रेविटी, सेपरेटर, हेरो आदि यंत्रों का निरीक्षण कर उनकी खासियत और खूबियों को जाना। कलेक्टर ने ग्राम बंडा की महिलाओं द्वारा किए जा रहे जैविक खेती को खूब सराहा और जल्दी ही उनके गांव आने का वादा किया।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि मनीष मिश्रा, नाबार्ड के विकास कुमार जैन, विक्रम सिंह सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी तथा किसान मौजूद रहे।
