कटनी( 31 मई )- कलेक्टर अवि प्रसाद ने बुधवार की शाम अचानक जिला जेल पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। श्री प्रसाद ने कैदियों के भोजन व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री प्रसाद को औचक निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिली। कलेक्टर ने सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदियों से भी चर्चा की।
पाकशाला का निरीक्षण
कलेक्टर श्री प्रसाद ने एंट्री रजिस्टर में अपना विवरण दर्ज कर जिला जेल में प्रवेश किया और सीधे कैदियों के लिए बन रहे रात्रिकालीन भोजन का मुआयना किया। भोजन गुणवत्तापूर्ण पाया गया। यहां उन्होंने भोजन बनाने के कार्य में लगे बंदियों से भी संवाद किया। पाकशाला में रोटियां बेली और सेकी जा रही थी। बड़े से भगोने मे उड़द की दाल पक रही थी और कटहल की सब्जी भी बन चुकी थी। चावल पकाने के लिए पानी से धोया जा रहा था। जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदियों को शाम 5ः30 बजे तक रात्रि का भोजन वितरित कर दिया जाता।
बैरक में पहुंचे कलेक्टर
पाकशाला के निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री प्रसाद सीधे बैरक नंबर एक का निरीक्षण करने पहुंचे। 32 कैदियों की क्षमता वाली इस बैरक में कलेक्टर ने यहां मारपीट के जुर्म में सात साल की सजा काट रहे कैदी रीठी निवासी धर्मेंद्र भोला सहित अन्य कैदियों से चर्चा की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विचाराधीन कैदियों से चर्चा
कलेक्टर श्री प्रसाद ने विचाराधीन कैदियों से भी चर्चा की। उन्होंने विचाराधीन कैदी निवासी कुलुआ बड़खेरा निवासी हेतराम और छिंदिया बरही निवासी भोला से भी बात की और उनके किए गए अपराधों के संबंध में चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे जिला जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने बताया कि जिला जेल में कुल 469 कैदी हैं। कलेक्टर श्री प्रसाद ने जेल के निरीक्षण के बाद जेल के विजिटर बुक में लिखे निरीक्षण टीप में यहां के भोजन की गुणवत्ता और बेहतर साफ-सफाई की सराहना की है।
