कटनी( 29 मई )- बड़वारा तहसील के ग्राम रोहनिया स्थित कुढि़या घाट धाम के नैसर्गिक व प्राकृतिक सौंदर्य को संवार कर तीर्थ स्थलों की तर्ज पर यहां सभी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कलेक्टर अवि प्रसाद ने क्षेत्रवासियों मे इस स्थान के प्रति अगाध आस्था व धार्मिक महत्व के मद्देनजर कुढि़या घाट में धार्मिक पर्यटन स्थल के लिए जरूरी सभी सुविधाएं मुहैया कराने करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्यों की वृहद कार्ययोजना का निर्माण कराया है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने यहां मार्च माह में कुढि़या घाट के भ्रमण के दौरान इस स्थान की धार्मिक महत्ता से रू-ब-रू होने के बाद श्रद्धालुओं और धर्मावलंबियों की सुविधा के अनुसार यहां विकास कार्य कराने मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक से पत्राचार किया। साथ ही उनसे निरंतर संवाद कर यहां सुविधाओं के विकास एवं विस्तार की कार्ययोजना बनाने कहा था।
इसके बाद पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों ने यहां का निरीक्षण कर स्थानीय आवश्यकता के आधार पर 99 लाख 54हजार रूपए की लागत वाली कार्ययोजना तैयार की है। इस राशि से यहां कुढि़या घाट की मरम्मत रेलिंग, चौनलिंग, फिनिशिंग, कंपाउंड वॉल निर्माण, सीढ़ी मरम्मत और नई सीढ़ी निर्माण जैसे कई अधोसंरचनात्मक विकास कार्य होंगे।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने यहां अपने भ्रमण के दौरान स्थल की धार्मिक महत्ता और प्राकृतिक सौंदर्य से खासे प्रभावित हुए थे। कुढि़या घाट पर प्राकृतिक रूप से निर्मित प्राचीन कुंड, प्राचीन गुफाएं और पानी के झरने आदि होने के साथ-साथ यह स्थान पवित्र दतला नदी के तट पर स्थित है। स्थानीय ग्रामीणजनों की इस स्थान के बारे में तीर्थ स्थल की भांति गहरी आस्था और मान्यता है। यहां क्षेत्रीय जनों द्वारा स्नान, तर्पण, पिंडदान, मुंडन आदि संस्कारों सहित पूजा-अर्चना की जाती है। इसके अलावा मकर संक्रांति पर यहां एक माह का मेला भी लगता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय जन शामिल होते हैं।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने यहां की प्राचीनता व स्थल की महत्ता व गौरव के अनुरूप यहां सुविधाओं का विकास करने अधिकारियों को निर्देशित किया है। जल्दी ही यह धाम अपने नये कलेवर में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो जायेगा।
