सूअर पकड़ने गई नगरपालिका की टीम पर हुई पत्थरबाजी की घटना से दबंगई हुई उजागर, पुलिस ने 151 के तहत दर्ज किया मामला,नगरपालिका दर्ज नही करा सकी FIR
रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर को आवारा सुअरो से मुक्त करने के लिए इंदौर की टीम को सूअर पकड़ने का ठेका दिया गया है। जिला मुख्यालय पर सड़कों पर आवारा विचरण करने वाले सूअरों से होने वाली दुर्घटना सहित धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर
सूअरो के घूमने से आम नागरिकों को बाधा उत्पन्न हो रही है साथ ही दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। जिसको लेकर निरंतर नागरिकों द्वारा सूअर मुक्त नगर की मांग जिला प्रशासन सहित नगर पालिका प्रशासन से की जाती रही है। शांति समिति की बैठकों में भी यह विषय उठता रहा है। जिसको लेकर नगरपालिका परिषद द्वारा शहर की सड़को पर आवारा घूमने वाले सुअरो की धरपकड़ के लिए इंदौर से विशेष तौर पर सूअर पकड़ने के लिए बुलाया गया। गुरुवार दोपहर कोठी बाजार क्षेत्र में जैसे ही सूअर पकड़ने की मुहिम शुरु की गई तो सुअर पालक सिकलीकर भड़क गए और उन्होंने टीम से विवाद करते हुए पत्थरबाजी कर दी। बताया जाता है कि पत्थरबाजी की इस घटना में 4 कर्मचारियों को चोटे भी आई है। इस दौरान टीम द्वारा चलाई गई मुहिम में करीब 20 सुअर पकड़े गए थे। पत्थरबाजी की घटना की जानकारी लगते ही एसडीओपी पराग सैनी सहित सिटी कोतवाली टीआई विक्रम रजक घटनास्थल पर पहुंचे और मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने कुछ युवकों को पकड़कर थाने ले गई । आश्चर्य का विषय है कि घटना के दौरान नगर पालिका से स्वच्छता विभाग के जवाबदार अधिकारी नजर नहीं आए। अदना कर्मचारियो को फील्ड पर तैनात किया गया। इस मामले में
नगरपालिका सेनेटरी इंस्पेक्टर कमलेश तिवारी ने बताया कि उनकी टीम कोठी बाजार मे सूअर धरपकड़ के लिए गई थी। टीम ने जैसे ही अपना काम चालू किया तो कुछ लोगों ने टीम पर पत्थर फेंकना चालू कर दिया। मौके पर मौजूद संजू लुटारे, बिरजू लुटारे, अरविंद बडगूजर को चोटे आई है। पुलिस प्रशासन ने पत्थरबाजी कर रहे 4 युवकों को मौके से पकड़ा है। नपाध्यक्ष नीतू यादव ने कहा कि नगरपालिका नर्मदापुरम शहर को स्वच्छ बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। यह अभियान बंद नही होगा। नगर पालिका अमले एवम पुलिस बल की मौजूदगी में सूअर पकड़ने वाली टीम अपना काम करेगी। सूअर पालको को पहले भी कई बार नोटिस दिए गए हैं। नर्मदापुरम की जनता गत कई माह से सूअरो को शहर से हटाने की मांग कर रही है । स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत आवारा पशु स्वच्छता की रैंकिंग में बाधक है। हमारा संकल्प है की हम नगरपालिका नर्मदापुरम को स्वच्छ बना कर अपनी रेंकिंग बढ़ाएंगे। अगर इसमें कोई भी बाधक बनेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। एसडीओपी पराग सैनी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराया गया है। सूअर पकड़ने का कार्य नगरपालिका का है। हमें इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है। पत्थरबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। टीआई विक्रम रजक ने बताया कि सूअर पकड़ने के दौरान पत्थरबाजी की घटना को अंजाम देने वाले सिकलीकर असवान पिता तिलक सिंह ( 35) वर्ष, आजाद सिंह पिता अमर सिंह (42) सहित एक नाबालिग को पकड़कर शांति भंग करने पर गिरफ्तार किया गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस संबंध में स्वच्छता प्रभारी दीक्षा तिवारी द्वारा बताया गया कि पूरी जानकारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी के पास उनसे ले लीजिए। अवगत हो कि कुछ माह पूर्व भी नगर पालिका टीम द्वारा सड़कों पर विचरण करते आवारा सूअरों को पकड़ने का कार्य किया गया था तब भी सुअर पालको ने काफी बवाल मचाया था। अवगत हो कि नगरवासी आवारा सूअरों को विचरण से काफी परेशान है कालोनियों में पार्कों में घुसकर पेड़ पौधों को नुकसान करना जैसी घटनाएं होती हैं। आम नागरिकों में भी भय का वातावरण उत्पन्न होता है। और सूअर पालक कालोनियों में आए दिन सूअर पकड़ते भी देखे गए और सूअर से होने वाले नुकसान की बोलते है तो ये सूअर पालक झगड़ा करने को भी उतारू हो जाते है।