गंज बासौदा से मुकेश चतुर्वेदी
शिकायत लेकर पहुंचे किसान त्योंदा थाने
गंज बासौदा जानकारी के अनुसार कस्बा बागरोद की उप कृषि उपज मंडी में पिछले कुछ महीनों से अनाज व्यापारी शैलेन्द्र जैन जो कि गुना का निवासी बताया जा रहा है। उसने स्थानीय एक अन्य अनाज व्यापारी मिस्टर सिंह गुर्जुर निवासी सतपाड़ा के साथ मिलकर क्षेत्र के करीब 90 से अधिक किसानोंं की गेहूं,सोयाबीन, उड़द सहित अन्य उपज को अन्य मंडी से अधिक दामों में खरीद लिया। इन दोनों व्यापारियों ने उपज बेचने वाले किसानों को तीन महीने में भुगतान करने की बात कहकर किसानों को पर्ची,चैक थमा दिया। और किसानों से खरीदी उपज को ट्रकों से भरकार बाहर भेजकर मंडी से रफू चक्कर हो गए।
उपज के रुपये नहीं मिलने पर शिकायत लेकर त्योंदा थाने पहुंचे किसान
जब किसानों को उनकी बेची उपज की राशि नहीं मिली तो परेशान होकर सोमवार को बड़ी संख्या में किसान त्योंदा थाने पहुंचे। जहां किसानों ने व्यापारियों की शिकायत का एक आवेदन दिया। जानकारी मिलते ही एसडीओपी मनोज मिश्रा भी त्योंदा थाने पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर जल्द से जल्द व्यापारियों को गिरफ्तार कर सभी को राशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया। शिकायत करने वालों में हेमराज लोधी मढिया,हरिबाबू लोधी, अलीम साबह, शायद खां, चरण सिंह लोधी, देवी सिंह गुर्जर बर्री, रणधीर सिंह, रामदास महाराज, महेन्द्र सिंह गुर्जर, मेहरबान सिंह, हरनाम सिंह लोधी, प्रदीप कुमार व्यास,अशोक श्रीवास्तव, शिरनाम गुर्जर सहित अन्य किसानों ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत की है। सभी किसानों ने अपनी राशि दिलाए जाने की मांग की है।
लंबे समय से खरीद रहे थे किसानों की उपज
सूत्र बताते है कि ये दोनों अनाज व्यापारी क्षेत्र में किसानों को गंजबासौदा,विदिशा व अन्य मंडियों से अधिक दाम का लालच देकर किसानों की उपज कुछ सालों से खरीद रहे हैं। वहीं किसान भी अधिक दाम के लालच में इन व्यापारियों की अपनी उपज बेचते आ रहे थे। लेकिन इस साल दोनों व्यापारी किसानों से उनकी उपज खरीदकर चंपत हो गए हैं। ये व्यापारी किसानों का करीब सवा करोड रुपये अटका कर गायब हो गए हैं।
इनका कहना
मेरे पास अभी तक करीब 40 किसानों ने शिकायती आवेदन दिया हैै। करीब 90 किसानों की उपज की खरीदी व्यापारियों द्वारा की गई है। करीब सवा करोड़ रुपये किसानों का अटका हुआ है। पीडि़त किसानों की शिकायत पर दोनों व्यापारियों पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।जल्द ही किसानों की राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मनोज मिश्रा -एसडीओपी गंजबासोदा।