कटनी विहित प्राधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत शिशिर गेमावत ने गत दिवस मंगलवार को रीठी विकासखंड की दस ग्राम पंचायतों द्वारा वित्तीय अनियमितताएं बरती जाने पर प्रस्तुत प्रकरणों पर सुनवाई की। विदित हो की जनपद सीईओ रीठी से प्राप्त प्रतिवेदनो पर कार्यवाही करते हुए विहित प्राधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायतों के तत्कालीन सरपंच और सचिव को नोटिस जारी कर समक्ष में उपस्थित होकर साक्ष्य के साथ जवाब मांगा था। नोटिस दिए जाने के बावजूद ग्राम पंचायत पटोंहा एवं कठौतिया के तत्कालीन सरपंच और सचिव सुनवाई के दौरान उपस्थित नही हुए।
*क्या है मामला*
विकासखंड रीठी की ग्राम पंचायतों के तत्कालीन सरपंच और सचिवों ग्राम पंचायत पटोहा, वसुधा, हथकुरी, खमहरिया, देवराकला, बड़ागांव, कठोतिया, जमुनिया, बडखेरा और बरजी द्वारा सोलर लाइटों की खरीदी करते समय क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया है। कुल मिलाकर 10 ग्राम पंचायतों द्वारा 74 नग सोलर लाइट की खरीदी कर नियम विरुद्ध तरीके से शासकीय राशि व्यय की थी। विहित प्राधिकारी एवं जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत द्वारा सर्व संबंधित को पुनः साक्ष्य सहित अपना पक्ष रखने हेतु 4 अप्रैल की तिथि नियत की है। वित्तीय अनियमितताएं बरती जाने के फलस्वरूप समाधान कारक जवाब नहीं पाए जाने पर राशि वसूली की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के उपरांत ग्राम पंचायतों से की जाएगी।
