कटनी( 17 मार्च )- अपने पति की मौत के बाद अपनी पुत्री के साथ दर दर भटक रही एक महिला जब अपनी समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची, तो उसकी समस्याओं के बारे में जानकर कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद ने तत्काल उससे मुलाकात की और बिना कोई पल गंवाए उसकी समस्याओं का समाधान किया। जिसके बाद पीडि़त महिला और उसकी पुत्री के चेहरे पर लंबे अंतराल के बाद मुस्कान खिल उठी।
डेढ़ वर्ष से नहीं मिला था राशन
ग्राम भदौरा निवार निवासी कलशी बाई अपने पति जवाहर सिंह गौड़ की मौत के बाद से लगातार आर्थिक समस्या से जूझ रही थी। डेढ़ वर्ष से राशन न मिलने और विधवा पेंशन न मिलने से उसके सामने भुखमरी की समस्या आ खड़ी हुई थी। सहायता के लिए दर दर भटकने के बाद गत दिवस वह अपनी पुत्री रीता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां उसका आवेदन सामने आते ही कटनी अवि प्रसाद ने उसे बुलाकर उसकी
समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल उसकी समस्याओं का प्रभावी निराकरण कराया। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद 24 घंटे के भीतर ही उसे मार्च माह का राशन शासकीय उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उपलब्ध कराया गया ।
प्रधानमंत्री आवास योजना में जुड़ा नाम
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद 24 घंटे के भीतर ही महिला कलशी बाई की विधवा पेंशन का प्रकरण स्वीकृत हुआ और उसकी पेंशन प्रारंभ हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता रखने के बावजूद नाम न जुड़ने की जानकारी लगने पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने महिला का नाम हितग्राही सूची में जोड़ने के भी निर्देश दिए। जिसके परिपालन में 24 घंटे के भीतर ही संबंधित विभाग द्वारा सर्वे करा कर उसका नाम जोड़ा गया। वर्षों की अपनी समस्याओं का कलेक्टर श्री प्रसाद से मिलने के बाद महज 24 घंटे में हुए निराकरण से मां बेटी के चेहरे खिल उठे।
