सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम । भाजपा द्वारा प्रदेश भर में निकाली जा रही विकास यात्रा नहीं,यह निकास यात्रा है। जिसके विरोध में कांग्रेस जल्द ही भाजपाइयों का कच्चा चिट्ठा खोलने का अभियान चलाएगी। अभियान वार्ड और शहर स्तर पर चलाया जाएगा। प्रदेश के इतिहास में इससे ज्यादा असफल और धिक्कार पाने वाली यात्रा कोई और नहीं रही। हर जगह विकास यात्रा को जनता नकार रही हैं।विकास यात्रा के नाम पर भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन के अधिकारी बी टीम के रूप में काम कर रहे हैं। यह बात बुधवार को पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजकुमार केलु उपाध्याय ने कही। आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता
आनंद थापक और अभिषेक पटेल भी मौजूद रहे। प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार केलू उपाध्याय ने कहा कि विकास यात्रा में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है जनता को बड़ी-बड़ी घोषणाओं के माध्यम से धोखा दिया जा रहा है। भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करने के लिए कांग्रेस ने शंखनाद कर दिया है। 24 से 26 फरवरी तक रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होना है, जिसके बाद भाजपा के विकास यात्रा के विरोध में कांग्रेस अभियान शुरू करेगी।
