कटनी (21 फरवरी) – कटनी जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण परिवहन विक्रय निर्माण रोकथाम हेतु कलेक्टर अवि प्रसाद के आदेशा एवं जिला आबकारी अधिकारी आर.के. बघेल के निर्देशन में रोजाना विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मंगलवार को आबकारी वृत्त विजयराघवगढ के ग्राम शांतिनगर, बरहटा, नडेरी एवं ग्राम घुनसुर में अभिषेक सिंह बघेल आबकारी उपनिरीक्षक के नेतृत्व में मदिरा का अवैध रुप से निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय कर रहे लोगों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान में आबकारी की टीम बी द्वारा की गई कार्यवाही में कुल जप्ती 795 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 06 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा के कुल 9 न्यायालयीन प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के पंजीबद्ध किये गये। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लिया जाकर नष्ट किया गया। जप्त किये गये लहान तथा मदिरा की अनुमानित राशि लगभग 40 हजार 650 रूपये है। कार्यवाही के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक केशव प्रसाद उईके, मोना दुबे, आबकारी आरक्षक राजेश गौटिया, सी पी त्रिपाठी, वीणा व्रम्हवंषी एवं शिवमूरत नामदेव, सम्मिलित रहे।

