सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम/सिवनी मालवा । पिछले कुछ समय से जिले में सामान्य वनमंडल के जंगलों में अतिक्रमणकारियों सहित लकड़ी तस्करों की सक्रियता वन विभाग के लिए मुसीबत बन चुकी है। जहां वन विभाग की कई एकड़ जमीनों पर कब्जे का प्रयास भी किया जा रहा है। पिछले दिनों सोहागपुर सामान्य वनमंडल के अंतर्गत सागौन के जंगल में अवैध कटाई का मामला सुर्खियां में बना रहा तो अब सामान्य वनमंडल के बनापुरा रेंज के अंतर्गत झाड़बीड़ा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 462 में पेड़ों की अवैध कटाई कर अतिक्रमण की खबर ने हड़कंप मचा दिया।
वन विभाग के जवाबदार अधिकारी, कर्मचारी मौका स्थल पर पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराई। जिसके उपरांत भी अतिक्रमणकारी नहीं मान रहे थे। तब सिवनीमालवा एसडीएम सहित पुलिस को सूचना दी गई है। ततसंबंध में वन विभाग के रेंजर श्री केएस सेंगर ने बताया कि बनापुरा रेंज की झाड़बीड़ा बीट में पौधरोपण किया गया था। वृक्षारोपण कर करीब 5, 6 एकड़ का क्षेत्र संरक्षित किया गया था। जहां पर आज आदिवासी अतिक्रमणकारियों द्वारा पेड़ काटने की सूचना प्राप्त हुई। यह स्थल मुख्यालय से करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर स्थित है । उक्त स्थल से अवैध पेड़ कटाई को कंट्रोल कराने हेतु हमारे द्वारा एसडीएम सहित पुलिस को सूचना दी गई है । फिलहाल पूरा मामला सुर्खियो में बना हुआ।
