सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम । जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर दूर स्थित तवा एवं नर्मदा नदी के संगम स्थल बांद्राभान मगरिया, ग्राम पंचायत रायपुर के अंतर्गत तवा नदी की रेत खदानों से रसूखदार द्वारा दिन-रात ट्रैक्टर एवं डंफरो से रेत चोरी की जा रही है जिससे शासन को लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा है । इस पूरे मामले को लेकर ग्राम पंचायत रायपुर के सरपंच शशांक मिश्रा ने खनिज मंत्री, कलेक्टर, जिला खनिज अधिकारी, नर्मदापुरम एसडीएम, तहसीलदार सहित देहात थाना प्रभारी को शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है। वही बांद्राभान में इन दिनों तवा नदी में सब्जी भाजी की डंगर बाडिया ग्रामीणों द्वारा लगाई गई हैं । रेत चोरों द्वारा रात को डंगरवाड़ी की खेती को नुकसान पहुंचा रहे है। जहां पर डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉली वाले सब्जी की बागुड का फाटक खोल जाते हैं जिससे जानवर बागुड़ में घुसकर खेत को नुकसान पहुंचा रहें है। इसी बात को लेकर शनिवार देर शाम करीब 7:00 बजे बांद्राभान में महिलाओं
ने रेत चोरी करने के लिए पहुंचे दो डंपरो को घेर लिया था और जिसके बाद 100 डायल को भी कॉल किया और पूरी घटना से अवगत कराया । इस दौरान महिलाओं ने पड़ोसी जिले के एक प्रभावशाली जनप्रतिनिधि को भी घेर लिया था। वही मामले को लेकर शनिवार देर रात देहात थाने में दोनों डंफर चालकों के विरुद्ध महिलाओं की शिकायत पर धारा 379, 511, 427 सार्वजनिक संपत्ति
नुकसान निवारण अधिनियम 1984 ( 3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनो डंफरो को जप्त कर देहात थाने में खड़ा किया गया है। रविवार को नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने लगातार मिल रही शिकायतों पर जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, ग्राम पंचायत रायपुर सरपंच शशांक मिश्रा के साथ बांद्राभान मगरिया पुल क्षेत्र में पहुंचे और नुकसानी का जायजा लिया। इस दौरान महिलाओ ने रेत चौरी बंद कराने की बात कही जिससे उनकी सब्जी की फसल की नुकसानी बच सके। इस दौरान विधायक डॉ. शर्मा ने तवा नदी में अस्थाई पुल बनाकर रेत का उत्खनन कर रही जेसीबी को भी जप्त कराया है। जिसके बाद राजनीतिक रसूखदार रेत माफियाओं के बीच खासा बवाल मचा हुआ है। प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के नर्मदापुरम आगमन पर विधायक डॉ. शर्मा द्वारा इस विषय पर बात रखी गई है और रेत चोरी को लेकर देहात थाना में जप्त किए गए दोनो डंफरो को राजसात करने की भी बात कही है। वही प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वह इस मामले की जानकारी ले रहे हैं और वैधानिक कार्यवाही भी करवाई जाएगी।
