कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद ने गुरुवार को विकासखंड रीठी के गांवों में पहुंचकर विकास एवं निर्माण कार्यो का जायजा लिया। सीएम राईज स्कूल पहुंचे और छात्रों से संवाद कर खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया और परीक्षा में सफलता के लिए ”ऑल द बेस्ट की शुभकामना दी“।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कक्षा तीसरी की पिंकी बेन, अंशिका रजक, आसिया खान एवं हर्षिता बर्मन के पास पहुंचकर कविता सुनी और उनको शाबाशी दी। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जांच करी जाकर रोजाना स्कूल आने वाले योगेंद्र यादव व अंशिका रजक सहित कक्षा के सभी बच्चो को टाफियां भी वितरित करी।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा स्कूल में लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चो के संबंध में जानकारी ली जाकर उनकी उपस्थिति के संबंध में उचित प्रयास न करने पर संबंधित जन शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री प्रसाद ने दिए।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने बच्चो से मध्यान्ह भोजन के मिलने व उसकी गुणवत्ता की भी जानकारी ली। तथा रोजाना स्कूल आकर मन लगाकर पढ़ाई करने हेतु प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने स्कूल निरीक्षण के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बच्चों से मिलकर पढ़ाई के संबंध में चर्चा की ओर बोर्ड परीक्षाओं की अग्रिम शुभकामनाएं दी। शाला भवन के निरीक्षण के दौरान खिड़कियों की मरम्मत करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्कूल परिसर की रंगाई पुताई कराने के प्रयास करने हेतु निर्देशित किया गया।
जनपद पंचायत रीठी के उप रजिस्ट्रार कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने जनपद पंचायत रीठी के उप-रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रोजाना कार्यालय खोलने के निर्देश दिए। कार्यालय के बंद कक्षों का निरीक्षण किया जाकर तीन सीनियर पीसीओ की टीम का गठन कर पूर्व एवं वर्तमान ग्राम रोजगार सहायक के विगत 2 माह के कार्यकाल की जांच करने हेतु निर्देशित किया।
