कटनी ( 07 फरवरी )- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने मंगलवार को भोपाल मे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से कटनी जिले की 8 हजार 654 लाड़ली बालिकाओं के बैंक खाते में सिंगल क्लिक से 2 करोड़ 94 लाख रुपये की छात्रवृत्ति की राशि अंतरित की। कलेक्ट्रेट स्थित एन.आई.सी. कक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर अवि प्रसाद, दीपक सोनी टंडन और जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को उनके बैंक खाते में राशि अंतरण का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चैहान ने मंगलवार को जिले की जिन लाड़लियों के खाते में राशि अंतरित की हैं। उनमें कक्षा छठवीं में अध्ययनरत 4043, कक्षा नवमी में अध्ययनरत 3178, कक्षा 11 वीं में अध्ययनरत 1021 एवं कक्षा 12वीं में अध्ययनरत 412 छात्र शामिल हैं।
एन.आई.सी. कक्ष में मौजूद लाड़ली लक्ष्मी बालिनकाओं सहित सभी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के संबोधन के सीधे प्रसारण को देखा और सुना। जिले के 1712 आंगनवाड़ी केंद्रों में जिले की 80 हजार 250 लाड़ली बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों ने ग्राम पंचायतों, परियोजना कार्यालयों से राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना शासन की महत्वकांक्षी योजना है। जिसका उद्देश्य है बाल लिंगानुपात में सुधार, बालिकाओं के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना एवं बालिकाओं के विकास के लिये सक्षम वातावरण का निर्माण करना। योजना का प्रारंभ 01 अप्रैल 2007 से हुआ है। योजना अंतर्गत 01 जनवरी 2006 अथवा उसके बाद जन्मी हितग्राही बालिका को एक लाख अठारह हजार रूपये का आश्वासन प्रमाण-पत्र प्रदाय किया जाता है। योजना अंतर्गत लाड़ली लक्ष्मी बालिका को कक्षा 6वीं में 2000 रुपये, कक्षा 9वीं में 4000 रुपये, कक्षा 11वीं में 6000 रुपये एवं कक्षा 12वीं में 6000 रुपये छात्रवृत्ति भुगतान का प्रावधान है।
