जबलपुर, 01 फरवरी, 2023 महाराष्ट्र के सतारा की 16 वर्षीय अदिति स्वामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपने वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पूर्णिमा ने आज से प्रारंभ हुये कम्पाउंड वर्ग के मुकाबले में दूसरी रैंक प्राप्त की। पिछले वर्ष हरियाणा के पंचकुला में हुये खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अदिति को सिल्वर मेडल हासिल हुआ था। अपने पिता गोपीचंद स्वामी के साथ खेलो इंडिया यूथ गेम्स में तीरंदाजी की प्रतियोगिता में शामिल होने आई अदिति जबलपुर में हुये स्वागत से अभिभूत है। थाइलेंण्ड, ईराक और दुबई में हुये तीरंदाजी के एशिया कप टूर्नामेंट में दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल हासिल कर चुकी अदिति ने विगत अक्टूबर माह में अहमदाबाद में राष्ट्रीय खेलो में कम्पाउंड वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया था। मध्यम वर्गीय परिवार की अदिति जबलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के भव्य आयोजन से काफी प्रभावित नजर आई। अदिति ने जबलपुर की अतिथि देवो भव: परंपरा की सराहना करते हुए यहां उपलब्ध खेल सुविधाओं तथा भोजन, ठहरने और परिवहन व्यवस्था के लिहाज से इस टूर्नामेंट को अपना सबसे बेहतरीन टूर्नामेंट बताया। अदिति की मां श्रीमती शैला स्वामी महाराष्ट्र के सतारा जिले में ग्राम सेवक के पद पर कार्यरत हैं और पिता सतारा के ही सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। आदिति बताती हैं कि तीरंदाजी का खेल सात साल की उम्र से ही प्रारंभ कर दिया था। उसे माता-पिता ने हमेशा प्रोत्साहित किया। शुरूआत में तीरंदाजी के मंहगे उपकरण खरीदने में कुछ आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में विभिन्न प्रतियोगिताओं में अच्छे प्रदर्शन के फलस्वरूप मिली ईनामी राशि से उसे कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। अदिति अभी सतारा में ही दृष्टि आर्चरी ऐकेडमी में तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रही हैं
