कटनी( 21 दिसंबर)- सहकारी समिति घंटाघर में कृषकों को मंगलवार को कुछ समय तक खाद नहीं मिलने के मामले को कलेक्टर अवि प्रसाद ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल घंटाघर समिति में यूरिया उर्वरक उपलब्ध करवाया। साथ ही अल्प समय के लिए बाधित हुए खाद वितरण कार्य के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने सहायक आयुक्त सहकारिता राजयश वर्धन कुरील और जिला विपणन अधिकारी अमित तिवारी को इस लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर द्वारा दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा गया है, कि आपकी असजगता के कारण सहकारी समिति घंटाघर में कुछ समय के लिए किसानों को खाद वितरण का कार्य बाधित हुआ है। जिससे अप्रिय स्थिति निर्मित हुई है। इसलिए दोनों अधिकारियों का यह कृत्य अपने पदीप कर्तव्यों के विपरीत तथा उदासीनता प्रदर्शित करता है, जो कि मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत है। दोनों अधिकारियों से दो दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।